प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम ने जारी किया नियुक्ति पत्र, दर्शन बालोद के प्रधान संपादक दीपक यादव ने संगठन की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण से निभाने का लिया संकल्प
जगन्नाथपुर/बालोद। जिले के ग्राम जगन्नाथपुर निवासी एवं दर्शन बालोद मासिक पत्रिका के प्रधान संपादक दीपक यादव को ओबीसी महासभा में प्रदेश मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले दीपक यादव की इस नियुक्ति से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम द्वारा 2 नवंबर, सोमवार को दीपक यादव को नियुक्ति पत्र जारी कर प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया। इस नई जिम्मेदारी के तहत वे संगठन की गतिविधियों, विचारों और सामाजिक मुद्दों को मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
संगठन ने जताया भरोसा, पूरी निष्ठा से निभाएंगे जिम्मेदारी
अपनी नियुक्ति पर दीपक यादव ने प्रदेश अध्यक्ष सहित ओबीसी महासभा के समस्त पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर विश्वास जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी गंभीरता, ईमानदारी और समर्पण भाव से करेंगे। संगठन के उद्देश्यों एवं गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक विषयों को भी प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगे।
पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से मिल रही बधाइयां
दीपक यादव की इस नियुक्ति पर पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके 20 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा और सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में नई मजबूती मिलेगी।

