सीयनमरा सरपंच मंजू महिलांग से मिलने पहुंचे जिला सरपंच संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, बोले- आपकी हर समस्या में पूरा सरपंच संघ आपके साथ खड़ा है
बालोद। विकासखंड गुंडरदेही अंतर्गत ग्राम पंचायत सीयनमरा की सरपंच श्रीमती मंजू महिलांग से मुलाकात करने जिला सरपंच संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य जिला अस्पताल बालोद पहुंचे। दो दिन पहले पंचायत के उपसरपंच एवं कुछ पंचों के व्यवहार से क्षुब्ध होकर सरपंच मंजू महिलांग द्वारा कीटनाशक का सेवन कर लिया गया था। वे पिछले दो दिनों से जिला अस्पताल में उपचाररत हैं। मिली जानकारी के अनुसार उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
इस दौरान जिला सरपंच संघ के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन परिस्थिति में वे अकेली नहीं हैं। पूरा सरपंच संघ उनके साथ खड़ा है। भविष्य में आने वाली किसी भी समस्या का सामना सभी साथी मिलकर करेंगे और हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।
सरपंच संघ ने दिया एकजुटता का संदेश
मुलाकात के दौरान सरपंच संघ के सदस्यों ने आपसी एकजुटता और सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संघ हमेशा साथ खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर जिला सरपंच संघ अध्यक्ष क्रांति भूषण साहू, संरक्षक दोषण साहू, गुंडरदेही सरपंच संघ अध्यक्ष लेखराम साहू, हेमंत साहू सरपंच अर्जुनी, कुमुदिनी साहू सरपंच बेलौदी, कुमुद साहू सरपंच भुसरेंगा, भेनू साहू सरपंच बरबसपुर सहित सरेखा, महुद बी, मचोद, भेड्रा, जरवाय एवं राजेश्वरी पटौदी सरपंच सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

