बाल अधिकारों से लेकर महिला सुरक्षा तक की दी गई जानकारी, कुंआगोंदी स्कूल में 202 विद्यार्थियों को किया जागरूक

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 


मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के तहत लगा जागरूकता शिविर, बाल विवाह और बाल श्रम रोकने के साथ हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

बालोद। जिला कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 13 नवंबर 2026 को विकासखंड डौंडी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंआगोंदी में मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 202 छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा के आदेश एवं मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू के नेतृत्व में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध सरकारी सेवाओं की जानकारी देना था।

शिविर में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार की रोकथाम तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण के संबंध में भी जानकारी दी गई।

मुसीबत में इन हेल्पलाइन नंबरों से मिलेगी मदद

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 के उपयोग की जानकारी विशेष रूप से दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी बच्चे के साथ शोषण, दुर्व्यवहार या असुरक्षित स्थिति होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है। वहीं महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशानी की स्थिति में महिला हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के बारे में बताया गया।



जागरूकता बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से भी बाल संरक्षण और महिला सशक्तीकरण के संदेश प्रसारित किए गए। वक्ताओं ने बच्चों के सुरक्षित वातावरण, सर्वांगीण विकास तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को समान अवसर और सम्मान प्रदान करने में समाज की भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य की मास्टर ट्रेनर श्रीमती मोना रावत, जिला बाल संरक्षण इकाई से श्रीमती रंतीका मेश्राम (सामाजिक कार्यकर्ता), श्रीमती गुणवती सिरसाम (आउटरीच वर्कर), चाइल्ड हेल्पलाइन से श्री वेदप्रकाश साहू (परियोजना समन्वयक), नेहा चंद्राकर (सुपरवाइजर) एवं भुनेश्वरी कौमार्य (चैतन्य) उपस्थित रहीं।

विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश कुमार खरे, शिक्षक श्री संतोष कुमार, श्री भारत लाल यादव, श्री डोमन लाल कलिहारी, श्रीमती मीनाक्षी अग्रवाल, श्री योगेश कुमार नायक, सुश्री अंजुरानी चंद्राकर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। शिविर में 70 बालक एवं 132 बालिकाओं सहित कुल 202 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top