मतदाता जागरूकता बढ़ाने निर्वाचन विभाग की विशेष पहल, 2 से 20 नवंबर तक स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा; ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय पर लिखेंगे निबंध, निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों का देंगे जवाब
बालोद, 02 नवंबर 2026। युवाओं को लोकतंत्र की ताकत और मतदान के महत्व से जोड़ने के लिए बालोद जिले में विशेष पहल की जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थी 2 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक भाग ले सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 2 नवंबर को किया गया। इसमें उन स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे, जहां निर्वाचन साक्षरता क्लब संचालित हैं। इच्छुक विद्यार्थी अपने शैक्षणिक संस्थान के निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
निबंध प्रतियोगिता में इन दो विषयों पर दिखानी होगी प्रतिभा
निबंध प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को दो विषयों में से किसी एक का चयन करना होगा। इनमें ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ तथा ‘मतदान का महत्व’ विषय शामिल हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज कराने, अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और प्रत्येक वोट की अहमियत समझने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रश्नोत्तरी में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों की होगी परीक्षा
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए तीन विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट तथा मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शामिल हैं। इन विषयों के जरिए विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया की बारीकियों और मतदान प्रणाली की विस्तृत जानकारी मिलेगी।
जिम्मेदार मतदाता बनाने की पहल
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को मतदान के प्रति जागरूक करना, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना तथा उन्हें भविष्य के जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करना है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और मतदाता जागरूकता अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
