धन्वंतरि भगवान की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरिकृष्ण गंजीर का मनाया गया जन्मदिन; नए चिकित्सकों को भी संघ में किया गया शामिल
गुरुर। निजी चिकित्सक कल्याण संघ ब्लॉक गुरुर की मासिक बैठक सोमवार 2 नवंबर 2026 को मां गायत्री मंदिर प्रांगण में दोपहर 1 बजे आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परिवर्तन न्यूट्रिशन सेंटर धमतरी के अध्यक्ष मनीष सर एवं उनकी पूरी न्यूट्रिशन टीम उपस्थित रही।
मुख्य अतिथि मनीष सर ने अपने उद्बोधन में न्यूट्रिशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उचित पोषण के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही लोगों को भी अच्छे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जा सकता है।
विशेष अतिथि के रूप में निजी चिकित्सक कल्याण संघ रायपुर के प्रदेश अध्यक्ष एवं गुरुर ब्लॉक के संरक्षक डॉ. हरिकृष्ण गंजीर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सभी चिकित्सकों के सहयोग से जिला निजी चिकित्सक कल्याण संघ बालोद द्वारा आयोजित कार्यक्रम सफल हो पाया। उन्होंने संगठन की एकजुटता और आपसी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल साहू ने भी सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला कोषाध्यक्ष डॉ. बलराम साहू भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. लीला राम बनपेला ने दिया। उन्होंने जानकारी दी कि सभी चिकित्सकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। वहीं ब्लॉक उपाध्यक्ष डॉ. झुमुक सर्वा ने कहा कि सभी निजी चिकित्सकों की उपस्थिति संगठन की एकजुटता और मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरिकृष्ण गंजीर को जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
अतिथियों एवं पदाधिकारियों के उद्बोधन के पश्चात विभिन्न शक्ति केंद्र प्रभारियों को उनके विशेष योगदान के लिए मंच पर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित चिकित्सकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिला स्तर पर प्रभावशाली मंच संचालन के लिए ब्लॉक सचिव डॉ. परदेशी राम ठाकुर को श्रीफल एवं शाल भेंटकर सम्मानित किया गया। संघ के नियमों के अनुसार नए चिकित्सकों को भी संगठन में शामिल किया गया।
केक काटकर मनाया प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं ब्लॉक संरक्षक डॉ. हरिकृष्ण गंजीर का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में स्वल्पाहार की व्यवस्था मुख्य अतिथियों की ओर से की गई थी। स्वल्पाहार के पश्चात बैठक का समापन हुआ।
इस अवसर पर नारद साहू, हेमंत ग्वालेंद्र, प्रकाश साहू, श्रवण, टोडर मल, लीला राम, भोज राम, गजपाल साहू, मेश्राम, सिन्हा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
सह मीडिया प्रभारी डॉ. देवव्रत यादव




