नैनो यूरिया और कीटनाशकों के छिड़काव में ड्रोन तकनीक का कर रहीं इस्तेमाल, कृषि विभाग ने सम्मान के लिए भेजा था नाम; कृषि के साथ पत्रकारिता में भी बनाई अलग पहचान
बालोद। कभी खेतों में फसलों पर कीटनाशकों और उर्वरकों का छिड़काव करने के लिए किसानों को घंटों मेहनत करनी पड़ती थी, लेकिन अब आधुनिक तकनीक ने यह काम आसान बना दिया है। इसी बदलाव की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहीं बालोद जिले की ‘ड्रोन दीदी’ चित्ररेखा साहू को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ा है।
राज्योत्सव के गरिमामय मंच पर मिला सम्मान
सोमवार को बालोद के सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज साहू सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में चित्ररेखा साहू को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। कृषि विभाग ने उनके कार्यों और योगदान को देखते हुए सम्मान के लिए उनका नाम जिला कलेक्टर को भेजा था।
ड्रोन तकनीक से खेती का काम बना रहीं आसान
चित्ररेखा साहू कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। वे ड्रोन के माध्यम से नैनो यूरिया और विभिन्न कीटनाशकों का छिड़काव कर किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ रही हैं। ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से छिड़काव का काम कम समय और सुविधाजनक तरीके से किया जा सकता है। उनकी यह पहल किसानों को खेती में नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।
सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर विधायक संगीता सिन्हा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि उपस्थित रहे।
कृषि के साथ पत्रकारिता में भी सक्रिय हैं चित्ररेखा
चित्ररेखा साहू की खास पहचान यह है कि वे कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक के उपयोग के साथ पत्रकारिता में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे दर्शन बालोद मीडिया में सिटी रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। कृषि तकनीक और पत्रकारिता, दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रियता ने उन्हें जिले में एक अलग पहचान दिलाई है।
महिलाओं की आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता की बनीं मिसाल
राज्योत्सव के अवसर पर मिला यह सम्मान चित्ररेखा साहू की मेहनत और समर्पण को मिली पहचान है। साथ ही यह आधुनिक कृषि तकनीक के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का प्रेरक उदाहरण भी है। उनका कार्य अन्य महिलाओं और युवाओं को भी नई तकनीक अपनाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सकता है।
दर्शन बालोद मीडिया परिवार ने दी बधाई
चित्ररेखा साहू की इस उपलब्धि पर दर्शन बालोद की संपादक माधुरी यादव, प्रधान संपादक दीपक यादव सहित पूरी दर्शन बालोद मीडिया टीम ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। टीम ने कहा कि चित्ररेखा साहू ने कृषि तकनीक के क्षेत्र में अपने कार्यों से जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि पूरे मीडिया परिवार के लिए गर्व का विषय है। टीम ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।

