नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं मानी हार; तोमन कुमार ने तीरंदाजी में जीता एशियन पैरा गेम्स का स्वर्ण, मुख्यमंत्री ने घोषित किए 51 लाख रुपये

Madhu Sahu Desk Incharge
0




छत्तीसगढ़ के दो पैरा खिलाड़ियों पर बरसी सम्मान की सौगात, स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को मिलेंगे 31 लाख रुपये; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शाल और बस्तर कला स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित


बालोद, 13 नवंबर। छत्तीसगढ़ के दो पैरा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा और संघर्ष का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी पूर्व सीआरपीएफ जवान तोमन कुमार और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले बिलासपुर के अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।




मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने दोनों खिलाड़ियों को शाल एवं बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका साहस, संघर्ष और दृढ़ संकल्प प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी हों, लेकिन मजबूत इरादों, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है।


नक्सली हमले में गंवाया बायां पैर, लेकिन नहीं टूटा देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा


बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता की कहानी अदम्य साहस और इच्छाशक्ति की मिसाल है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में देश की सेवा के दौरान वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के समय आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हमले में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा, लेकिन उन्होंने जिंदगी के सामने हार नहीं मानी।


कठिन परिस्थितियों के बावजूद तोमन कुमार ने वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की। लगातार अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।


मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके संघर्ष को नमन करते हुए कहा कि नक्सली विस्फोट ने उनका एक पैर जरूर छीन लिया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा नहीं छीन सका। पहले मातृभूमि की रक्षा और अब खेल के मैदान में तिरंगे का मान बढ़ाकर उन्होंने प्रदेश को गौरवान्वित किया है।


बचपन से क्लब फुट की चुनौती, मेहनत के दम पर अभिजीत ने जीता कांस्य पदक


बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत ने परिस्थितियों को अपने सपनों के रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया। पैरा बैडमिंटन को लक्ष्य बनाकर उन्होंने कठिन अभ्यास और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा को निखारा और एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।


मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि को संघर्ष और निरंतर प्रयास की प्रेरक मिसाल बताया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।



अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देगी सरकार


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है।


उन्होंने विश्वास दिलाया कि दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत 3 लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है।

प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खेल प्रतिभाओं को मिल रहा प्रोत्साहन : अरुण साव


उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का नया वातावरण बना है। प्रधानमंत्री के संदेश 'जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे' की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।


समारोह में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top