अटल चौक मोहल्ले के बाद भाठापारा में भी अलर्ट, भालू को जंगल की ओर भगाने वन विभाग के साथ ग्रामीण करेंगे निगरानी; रात 9 बजे से हर घर के एक सदस्य को पहरा देने की जिम्मेदारी
बालोद। ग्राम पंचायत तरौद के अटल चौक मोहल्ले में भालू की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की रात 12 से 1 बजे के बीच भालू ने मोहल्ले के 4 से 5 घरों में उत्पात मचाया। घटना के बाद ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
सरपंच धर्मेन्द्र कुमार रामटेके ने ग्रामीणों से कहा है कि रात 10 बजे के बाद अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा रात में घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें। भालू दिखाई देने पर उसे छेड़ने या पत्थर मारने जैसी हरकत न करें और तत्काल ग्राम पंचायत को सूचना दें।
वहीं, भालू की गतिविधियों को देखते हुए भाठापारा में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत की सूचना के अनुसार, आज रात 9 बजे से हर घर के एक सदस्य को अपने-अपने वार्ड में निगरानी और पहरा देने के लिए उपस्थित रहने की अपील की गई है। इस अभियान में वन विभाग के कर्मचारी भी सहयोग करेंगे, ताकि भालू को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भगाया जा सके।
ग्रामीणों से टॉर्च, लाठी और सीटी साथ रखने तथा किसी भी स्थिति में अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की गई है। भालू दिखाई देने पर तुरंत सरपंच को सूचना देने कहा गया है, ताकि वन विभाग तक जानकारी पहुंचाई जा सके।


