सिकोसा में कांग्रेस की जनचौपाल: वोट के अधिकार की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक लड़ेगी लड़ाई, भाजपा सरकार को भी घेरा

Madhu Sahu Desk Incharge
0


‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने लिया मतदाता सूची पर निगरानी और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष का संकल्प, ग्राम सलौनी के हेमंत देशमुख ने थामा कांग्रेस का हाथ


बालोद-सिकोसा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संचालित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत 12 नवंबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के सिकोसा मंडल में अटल समरसता भवन में जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के साथ-साथ भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ बूथ स्तर तक संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।


बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष कचरू साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक नागरिक के स्वतंत्र मताधिकार पर निर्भर करती है। वर्तमान समय में मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा का जनआंदोलन है। इसे गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाकर जनता को जागरूक किया जाएगा।


उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना या गलत प्रविष्टि होना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। आगामी 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर निगरानी रखें तथा पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और गलत प्रविष्टियों पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।


कचरू साहू ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर की समस्याओं से परेशान है, वहीं किसान धान खरीदी व्यवस्था, पोर्टल में रकबा कम प्रदर्शित होने, टोकन और खरीदी केंद्रों की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली और धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे और किसानों की आवाज बुलंद करेंगे।


कार्यक्रम के मंडल प्रभारी डॉ. नारायण साहू ने कहा कि लोकतांत्रिक भविष्य की रक्षा के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की विफलताओं, किसान विरोधी नीतियों, बिजली समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।


जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के उपाध्यक्ष संजय बारले ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।


वहीं सिकोसा मंडल कांग्रेस अध्यक्ष रूपचंद जैन ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा के साथ जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।


हेमंत देशमुख ने किया कांग्रेस प्रवेश


जनचौपाल कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर ग्राम सलौनी निवासी हेमंत देशमुख ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।


कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के महामंत्री भोजराज साहू, सचिव संतोष निषाद, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अभिषेक यादव, जनपद सदस्य रीना देशमुख, पूर्व जनपद सदस्य ममता चंद्राकर, सेक्टर प्रभारी डोमन देशमुख, निजानंद चंद्राकर, पूर्व सरपंच सरोज साहू, सुरेश साहू, कुलेश्वर चंद्राकर, लोमन निषाद, चैनसिंह पटेल, चंद्रिका चंद्राकर, उमा चौरे, बूथ अध्यक्ष हेमंत चंद्राकर, चन्द्रसेन साहू, कुलदीप मंडावी, चंद्रकांत साहू, कामेश साहू, महेंद्र रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top