लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक संघर्ष करेगी कांग्रेस, कलंगपुर में गूंजी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ की आवाज

Madhu Sahu Desk Incharge
0



जनचौपाल-संवाद में मतदाता सूची की पारदर्शिता और एसएसआर प्रक्रिया पर हुई चर्चा, बिजली व धान खरीदी की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार को घेरने का लिया संकल्प; नई संगठनात्मक नियुक्तियां भी हुईं


बालोद-सिकोसा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संचालित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के कलंगपुर मंडल में सामुदायिक भवन कलंगपुर में जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान तथा नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए गांव-गांव और बूथ स्तर तक अभियान चलाने का संकल्प लिया।


बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष कचरू साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक नागरिक के स्वतंत्र मताधिकार पर निर्भर करती है। वर्तमान समय में मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा का जनआंदोलन है। इसे गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाकर जनता को जागरूक किया जाएगा।


उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना या गलत प्रविष्टि होना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। आगामी 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर निगरानी रखें तथा पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और गलत प्रविष्टियों पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।


कचरू साहू ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर की समस्याओं से परेशान है, वहीं किसान धान खरीदी व्यवस्था, पोर्टल में रकबा कम प्रदर्शित होने, टोकन और खरीदी केंद्रों की परेशानियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली आंदोलन और किसानों की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे तथा उनकी आवाज बुलंद करेंगे।


कार्यक्रम के मंडल प्रभारी एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष केके राजू चंद्राकर ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान देश के लोकतांत्रिक भविष्य की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की विफलताओं, किसान विरोधी नीतियों, बिजली समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।


जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के महामंत्री भोजराज साहू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा चुनावी पारदर्शिता जैसे मुद्दों को विभिन्न मंचों पर उठाते रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर देश के युवा और छात्र भी आंदोलनरत हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विरोध मार्च और पुतला दहन किया गया। वहीं, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन द्वारा ऐतिहासिक रैली का आयोजन किया गया।


कलंगपुर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष तरुण साहू ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है। कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।


नई नियुक्ति और नवनियुक्त बूथ अध्यक्ष का सम्मान


कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में सर्वसम्मति से नामदेव साहू को सतमरा सेक्टर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, बूथ क्रमांक 258 मुंदेरा के नवनियुक्त अध्यक्ष यादवेन्द्र धनकर का सम्मान किया गया।


जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मोजी राम साहू, सचिव ओमप्रकाश यादव, सिकोसा मंडल अध्यक्ष रुपचंद जैन, सेक्टर प्रभारी गोपीराम साहू, गिरेंद्र यादव, पंचायत अध्यक्ष रेखुराम ठाकुर, बूथ अध्यक्ष बिसेसर पटेल, केवल साहू, दिनेश साहू, रमेश ठाकुर, यादवेन्द्र धनकर, नरेश साहू, किशोर कुंजाम, बालमुकुंद कलिहारी, चोवा राम महिपाल, हरि राम साहू, महेंद्र साहू, कीर्तन ठाकुर, हरिचंद साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top