वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर भाठागांव में कांग्रेस की जनचौपाल, बूथ स्तर तक संघर्ष का ऐलान

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 




मतदाता सूची में गड़बड़ी रोकने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए 16 से 25 नवंबर तक बूथ स्तर पर चलेगा अभियान, बिजली और धान खरीदी की समस्याओं को लेकर भी जनता के बीच जाएगी कांग्रेस


बालोद-सिकोसा, 13 नवंबर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संचालित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के भाठागांव (आर) मंडल में मेला भवन भाठागांव में जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान तथा नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक अभियान चलाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष कचरू साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक नागरिक के स्वतंत्र मताधिकार पर निर्भर करती है। वर्तमान समय में मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा का जनआंदोलन है। इसे गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाकर जनता को जागरूक किया जाएगा।


उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची को लेकर कांग्रेसजनों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना या गलत प्रविष्टि होना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। आगामी 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के दौरान कार्यकर्ता बूथ स्तर पर निगरानी रखें तथा पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और गलत प्रविष्टियों पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।


कचरू साहू ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर की समस्याओं से परेशान है। वहीं किसान धान खरीदी व्यवस्था, एग्रीस्टेक पोर्टल, गिरदावरी सूची में रकबा कम दर्ज होने, टोकन और खरीदी केंद्रों की समस्याओं से जूझ रहे हैं। सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली आंदोलन और किसानों की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे तथा उनकी आवाज बुलंद करेंगे।


कार्यक्रम की मंडल प्रभारी एवं जिला पंचायत बालोद की पूर्व अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा ने कहा कि वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान देश के लोकतांत्रिक भविष्य की रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की नीतियों, किसानों की समस्याओं, बिजली व्यवस्था और आम जनता से जुड़े मुद्दों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने बताया कि 16 से 25 नवंबर तक बूथ स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।


ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के पूर्व अध्यक्ष संजय साहू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा चुनावी पारदर्शिता जैसे मुद्दों को विभिन्न मंचों पर उठा रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर देश के युवा और छात्र भी आंदोलनरत हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विरोध मार्च और पुतला दहन किए जाने का उल्लेख किया। साथ ही 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित रैली की जानकारी भी दी।


भाठागांव (आर) मंडल कांग्रेस अध्यक्ष सलीम खान ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है। कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा के साथ जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।


ये रहे उपस्थित जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी की सचिव द्रौपदी साहू, ब्लॉक सचिव परस ठाकुर, यमुना बांधे, ओटेबंद मंडल अध्यक्ष मानसिंग देशलहरा, सिकोसा मंडल अध्यक्ष रुपचंद जैन, सेक्टर प्रभारी बलराम अंगारे, शिवकुमार साहू, लवकेश यदु, तुलसी साहू, सुनील चंद्राकर, फत्तेलाल निर्मलकर, खेमलाल निषाद, सुखनंदन साहू, सेतराम साहू, दुलेश नेताम, श्यामलाल साहू, योगेंद्र साहू, उमेद साहू, द्वारिका यदु, यशवंत चंद्राकर, पुनुराम साहू, हरिराम साहू, गोवर्धन साहू, खुमान साहू, राजेश भारती, रामसागर यादव, राकेश चंद्राकर, झनक लाल साहू, जय चंद्राकर एवं केशव रात्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top