बिरेतरा भाटागांव में भी सर्वसमाज के लिए भेंट किए 200 स्टील थाली और गिलास, ग्रामीणों ने लिया प्लास्टिक और डिस्पोजल मुक्त गांव बनाने का संकल्प
बालोद। स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सिर्राभांठा निवासी समाजसेवी राजेश कुमार सिन्हा अनूठी पहल कर रहे हैं। वे अपनी निजी राशि से बालोद जिले के गांवों में सामूहिक आयोजनों के लिए स्टील की थाली और गिलास वितरित कर रहे हैं। अब तक वे जिले के 53 गांवों में 200-200 थाली और गिलास प्रदान कर चुके हैं। उनकी इस पहल का उद्देश्य सामाजिक आयोजनों में डिस्पोजल सामग्री और प्लास्टिक के उपयोग को कम कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
इसी कड़ी में बुधवार 10 नवंबर को ग्राम बिरेतरा भाटागांव में भी सर्वसमाज के उपयोग के लिए 200 स्टील थाली और 200 गिलास भेंट किए गए। इन बर्तनों का उपयोग गांव में होने वाले सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों में किया जाएगा, जिससे एक बार इस्तेमाल होने वाली डिस्पोजल सामग्री पर निर्भरता कम होगी।
ग्रामीणों ने लिया डिस्पोजल मुक्त गांव बनाने का संकल्प
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने राजेश कुमार सिन्हा की पहल की सराहना करते हुए संकल्प लिया कि गांव में आयोजित होने वाले छोटे-बड़े सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में इन्हीं स्टील की थाली और गिलास का उपयोग किया जाएगा। साथ ही डिस्पोजल पत्तल और गिलास के इस्तेमाल से बचते हुए अपने गांव को डिस्पोजल मुक्त बनाने का प्रयास करेंगे।
निजी खर्च से चला रहे जनहित का अभियान
राजेश कुमार सिन्हा का यह प्रयास केवल थाली और गिलास वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से वे ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दे रहे हैं। उनका प्रयास है कि बालोद जिले के अधिक से अधिक गांवों तक यह पहल पहुंचे, ताकि सामाजिक आयोजनों में प्लास्टिक एवं डिस्पोजल कचरे पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़े।
उनकी यह पहल समाज को संदेश देती है कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि समाज के लोग छोटी-छोटी पहल के माध्यम से योगदान दें, तो गांवों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।
