रामघाट मुक्तिधाम के पास क्षतिग्रस्त खंभे से लोगों की जान को खतरा, तत्काल बदलने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की उठाई मांग
बालोद। नगर में क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। शहर में दो स्थानों पर बिजली के खंभे जर्जर अवस्था में हैं, जिनसे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। विशेष रूप से रामघाट मुक्तिधाम के आगे स्थित क्षतिग्रस्त बिजली का खंभा चिंता का विषय बना हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन मुक्तिधाम आने-जाने वाले लोगों को गुजरना पड़ता है। ऐसे में खंभे की जर्जर स्थिति से आम नागरिकों के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने आने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।
इस गंभीर जनसमस्या को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सौरभ जैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत के माध्यम से संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराते हुए नगर के दोनों क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों को तत्काल बदलने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
सौरभ जैन ने कहा कि बिजली के खंभे सार्वजनिक स्थानों और आवागमन वाले मार्गों पर स्थित हैं। यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं की गई अथवा इन्हें नहीं बदला गया, तो किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। विशेषकर रामघाट मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील स्थान के समीप इस तरह की स्थिति बनी रहना उचित नहीं है। यहां आने वाले लोग पहले से ही दुखद परिस्थितियों में होते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। बिजली विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त खंभों को प्राथमिकता के आधार पर बदलना चाहिए। साथ ही कार्यवाही पूरी होने तक आवश्यक सावधानी और सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत
सौरभ जैन ने 12 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत क्रमांक WP261100277554 के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थल निरीक्षण किया जाए और दोनों क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों को बदला जाए, ताकि बालोद नगर के नागरिकों एवं रामघाट मुक्तिधाम आने-जाने वाले लोगों को संभावित दुर्घटना से बचाया जा सके।



