थाने के रजिस्टरों, अभिलेखों और मालखाने की जांच कर पुलिसिंग व्यवस्था का लिया जायजा, फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बालोद। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने 12 नवंबर को थाना रनचिरई का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न रजिस्टरों एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएसपी श्रीमती श्रुति सिंह, थाना प्रभारी एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रोजनामचा (दैनिक डायरी), अपराध रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, गिरफ्तारी रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, गुम इंसान रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, आवक-जावक रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर एवं मुलाहिजा रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की।
इसके साथ ही लंबित अपराधों, शिकायतों एवं विवेचनाधीन प्रकरणों की समीक्षा की गई। ऑनलाइन पोर्टल एवं सीसीटीएनएस के क्रियान्वयन की स्थिति भी देखी गई। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात एवं मालखाने का निरीक्षण कर साफ-सफाई और अभिलेखों के उचित संधारण का जायजा लिया।
इस दौरान थाना प्रभारी एवं उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनें और त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। लंबित अपराधों एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के साथ ही क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष ध्यान दें।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को अनुशासन, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आम नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।


