गौवंश को चारा, गुड़, दाना और स्वच्छ जल किया प्रदान, श्रमदान कर गौशाला परिसर की सफाई कर दिया सेवा और स्वच्छता का संदेश
बालोद। जीव दया और सामाजिक समरसता की भावना को आगे बढ़ाते हुए नवरत्न ग्रुप एवं गौशाला समिति के सदस्यों ने गौसेवा और स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गौवंश को चारा, गुड़, दाना एवं स्वच्छ जल प्रदान किया। साथ ही गौशाला परिसर में विशेष साफ-सफाई कर श्रमदान किया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इस सेवा कार्य में नवरत्न ग्रुप के केशव बघेल, सैजू नायर, बसंत शर्मा एवं विनय सोनी सहित गौशाला समिति के अध्यक्ष समीर गुप्ता, सचिव विनय सोनी, किशन यादव और श्रवण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ गौसेवा में भागीदारी निभाई। उनके श्रमदान से गौशाला परिसर में स्वच्छता के साथ गौवंश के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में सहयोग मिला।
इस अवसर पर गौशाला समिति के अध्यक्ष समीर गुप्ता ने गौसेवा में योगदान देने वाले सभी सहयोगकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवरत्न ग्रुप और गौशाला समिति की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। उनका यह प्रयास समाज के अन्य लोगों को भी जीव सेवा और सामाजिक कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।

