पारिवारिक विवाद में खूनी वारदात! समझाइश देने पहुंचे 65 वर्षीय मामा ससुर के सिर पर कुल्हाड़ी से किया हमला, उपचार के दौरान मौत

Madhu Sahu Desk Incharge
0

पत्नी से विवाद के बीच बुजुर्ग ने किया था बीच-बचाव, गुस्से में आरोपी ने टंगिया से किया जानलेवा हमला; महामाया पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त

बालोद। जिले के थाना महामाया क्षेत्र के ग्राम आड़ेझर में पारिवारिक विवाद के दौरान हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी के साथ विवाद कर रहे एक व्यक्ति को समझाइश देना 65 वर्षीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने अपने मामा ससुर के सिर पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले में महामाया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।


बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग पर कर दिया हमला


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 07 नवंबर 2026 की रात ग्राम आड़ेझर निवासी सुखुराम मंडावी (45 वर्ष) अपनी पत्नी पवन बाई मंडावी के साथ पारिवारिक बातों को लेकर विवाद और झगड़ा कर रहा था। घर में हो रहे शोरगुल को सुनकर आरोपी के मामा ससुर रतिराम नेताम (65 वर्ष) मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाते हुए विवाद नहीं करने की सलाह दी।


बुजुर्ग ने कहा कि वे आए दिन पारिवारिक बातों को लेकर झगड़ा करते रहते हैं, जो उचित नहीं है। इस बात से आरोपी अचानक आवेश में आ गया और बुजुर्ग से ही विवाद करने लगा। उसने गुस्से में जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखी कुल्हाड़ी (टंगिया) से रतिराम नेताम के सिर पर वार कर दिया।


अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत, चिकित्सक ने किया मृत घोषित


कुल्हाड़ी के हमले से रतिराम नेताम के सिर में गंभीर चोट आई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों एवं आसपास के लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें शासकीय अस्पताल डौण्डी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की रिपोर्ट पर थाना महामाया में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।


चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त टंगिया जब्त


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना महामाया पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।


पुलिस टीम ने संदेही सुखुराम मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते रतिराम नेताम पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टंगिया) जब्त कर पर्याप्त साक्ष्य संकलित किए और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया।


महामाया पुलिस की अपील


बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक एवं आपसी विवादों को बातचीत और समझाइश से शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाएं। आवेश और क्रोध में उठाया गया हिंसक कदम किसी भी परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचा सकता है। विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस की सहायता लें।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top