बैंक और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति, आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से तुरंत बनेगा जीवन प्रमाण पत्र; घर पहुंचकर भी मिलेगी सुविधा, डोरस्टेप सेवा का नहीं लगेगा अतिरिक्त शुल्क
दल्ली राजहरा। क्षेत्र के पेंशनधारियों के लिए राहत भरी खबर है। अब जीवन प्रमाण पत्र (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) बनवाने के लिए बैंक और अन्य सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय डाक विभाग एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने पेंशनधारियों की सुविधा के लिए उप डाकघर दल्ली राजहरा में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इससे दल्ली राजहरा सहित आसपास के क्षेत्र के पेंशनधारी अपने नजदीकी डाकघर पहुंचकर आसानी से जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे।
आधार से होगा बायोमेट्रिक सत्यापन, ऑनलाइन पहुंचेगा प्रमाण पत्र
इस सुविधा के तहत आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जाएगा। सफल प्रमाणीकरण के बाद प्रमाण पत्र ऑनलाइन संबंधित पेंशन वितरण एजेंसी तक पहुंच जाएगा। इससे पेंशनधारियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी और प्रक्रिया भी आसान होगी।
मात्र 70 रुपये में बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए प्रति सफल प्रमाण पत्र मात्र 70 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इस शुल्क में जीएसटी एवं अन्य लागू कर शामिल हैं। खास बात यह है कि यदि कोई पेंशनधारी घर पहुंचकर यह सेवा लेना चाहता है, तो उससे अतिरिक्त डोरस्टेप शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
ये दस्तावेज रखना होगा जरूरी
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनधारियों को निम्नलिखित जानकारी एवं दस्तावेज साथ रखने होंगे।
* आधार कार्ड अथवा आधार नंबर।
* पेंशन भुगतान आदेश (PPO) नंबर।
* पेंशन बैंक खाता संख्या।
* मोबाइल नंबर।
सरकारी और निजी बैंक खाताधारक पात्र पेंशनधारियों को भी सुविधा
इस सुविधा का लाभ सरकारी पेंशनधारियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य पात्र पेंशनधारियों को मिलेगा। खास बात यह है कि यह सुविधा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) और गैर-IPPB खाताधारक पेंशनधारियों के लिए भी उपलब्ध है।
पोस्टमास्टर जयप्रकाश जायसवाल ने की लाभ उठाने की अपील
उप डाकघर दल्ली राजहरा के पोस्टमास्टर श्री जयप्रकाश जायसवाल ने क्षेत्र के समस्त पेंशनधारियों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पेंशनधारी अपना जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उप डाकघर दल्ली राजहरा में संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय डाक विभाग की यह पहल वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनधारियों के लिए डिजिटल सेवाओं को आसान और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
