आधुनिकता की दौड़ में विलुप्त हो रही आदिवासी परंपराओं को मिला नया मंच, बांस की कलाकृतियों और सदियों पुरानी उपयोगी वस्तुओं ने खींचा आकर्षण; मरदेल छात्रावास के मार्गदर्शन में आदिवासी विकास विभाग बालोद की अनूठी पहल
बालोद। छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति कितनी समृद्ध और अनूठी है, इसकी जीवंत झलक जिला स्तरीय राज्योत्सव में देखने को मिल रही है। सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आदिवासी विकास विभाग बालोद द्वारा लगाई गई विशेष प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां बांस की कलाकृतियों से लेकर आदिवासी समाज के दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली सदियों पुरानी वस्तुओं, पारंपरिक आभूषणों और धार्मिक आस्था से जुड़ी सामग्रियों को प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी केवल पुरानी वस्तुओं का संग्रह नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, इतिहास और विलुप्त होती विरासत को सहेजने की एक अनूठी पहल है।
झांफी, भुरका, आंगादेव और पारंपरिक गहनों ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में बांस से तैयार की गई पारंपरिक कलाकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इसके साथ ही आदिवासी समाज के रहन-सहन और दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली झांफी, भुरका, आंगादेव, डांग, ढेकी, मुसर, चोरिया, फदका, खुमारी, साजलौड़ी, अयठी, सुता, करधन, रुपया माला और पहुंची जैसी पारंपरिक वस्तुओं एवं आभूषणों को भी प्रदर्शित किया गया है।
इन वस्तुओं के माध्यम से आदिवासी समाज की पुरानी जीवनशैली, खान-पान, पहनावा, पारिवारिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।
सुबह से शाम तक के आदिवासी जनजीवन को समझने का अवसर
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आदिवासी समाज की पारंपरिक दिनचर्या को लोगों के सामने प्रस्तुत करना है। इसमें सुबह से शाम तक होने वाले दैनिक कार्यों में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री, पारंपरिक पहनावा, बोली-भाषा, खान-पान, देवी-देवताओं, पर्यावरण के प्रति आस्था और सामाजिक रीति-रिवाजों को दर्शाया गया है।
विशेष अवसरों पर पहने जाने वाले पारंपरिक गहने, पशुधन से जुड़ी मान्यताएं और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपराएं भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
आधुनिकता की दौड़ में खोती विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल
आज आधुनिकता के दौर में आदिवासी समाज की अनेक पारंपरिक वस्तुएं और उनसे जुड़ी कलाएं धीरे-धीरे प्रचलन से बाहर होती जा रही हैं। ऐसे में राज्योत्सव की यह प्रदर्शनी पुरानी पीढ़ी की धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
प्रदर्शनी के जरिए लोगों को यह समझने का अवसर मिल रहा है कि इन वस्तुओं का महत्व केवल उनके उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके साथ समाज का इतिहास, सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और सामुदायिक जीवन भी जुड़ा हुआ है।
आदिवासी विकास विभाग की योजनाओं और प्रतिभाओं की उपलब्धियां भी प्रदर्शित
प्रदर्शनी में आदिवासी विकास विभाग द्वारा जनजातीय समुदायों के कल्याण, शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। डौंडीलोहारा क्षेत्र में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय सहित विभागीय शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
वहीं तीरंदाजी (आर्चरी) के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभाओं ओमप्रकाश, श्रवण और मयंक की उपलब्धियों को भी स्थान दिया गया है। इससे विद्यार्थियों और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
अधिकारियों और कर्मचारियों के मार्गदर्शन में तैयार हुआ आकर्षक स्टॉल
आदिवासी विकास विभाग बालोद की ओर से लगाए गए इस विशेष स्टॉल को तैयार करने में सहायक आयुक्त विजय सिंह कंवर, क्षेत्र संयोजक ढिलेश्वर वर्मा तथा मरदेल छात्रावास में पदस्थ व्याख्याता दशरथ लाल यादव का मार्गदर्शन एवं योगदान रहा। इसके अलावा गजेंद्र सिंह रावटे, शिक्षक सत्येंद्र बंछोर, रूपेश गौतम, नीरज रावटे, हरीश साहू, लव वर्मा एवं ठाकुर परमेश्वर सहित अन्य सहयोगियों की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
राज्योत्सव में सजी यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में सामने ला रही है। साथ ही यह संदेश भी दे रही है कि विकास और आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं पुरखों की विरासत को सहेजना भी उतना ही जरूरी है।

