150 से अधिक घरों की छतों पर लगे सोलर रूफटॉप सिस्टम, महिला नेतृत्व और सामूहिक प्रयास से साकार हुआ अनूठा मॉडल; सोलर दीदियों ने अब तक कमाए 2.50 लाख रुपये से अधिक, राज्योत्सव के मंच पर हुआ सम्मान
बालोद, 02 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नारागांव ने स्वच्छ ऊर्जा और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक नई मिसाल पेश की है। यहां की महिलाओं ने अपनी मेहनत, सामूहिक सहभागिता और बेहतर प्रबंधन के दम पर गांव को सौर ऊर्जा से रोशन करने का ऐतिहासिक काम किया है। ‘सोलर दीदियों’ की पहल से नारागांव प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनकर उभरा है, जहां 150 से अधिक घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव समारोह के दौरान सोलर दीदियों को सम्मानित किया गया।
घर-घर पहुंचीं सोलर दीदियां, लोगों को समझाया सौर ऊर्जा का महत्व
नारागांव में सौर ऊर्जा के विस्तार के पीछे ‘सोलर दीदियों’ की अहम भूमिका रही है। इन महिलाओं ने घर-घर जाकर ग्रामीण परिवारों से संपर्क किया और उन्हें सौर ऊर्जा के फायदे बताए। साथ ही घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, सामूहिक प्रयास और बेहतर स्व-प्रबंधन से यह अभियान सफलतापूर्वक धरातल पर उतरा। इससे न केवल गांव में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय लेने का अवसर भी मिला।
न हितग्राहियों का अतिरिक्त खर्च, न सरकार पर बोझ और न ही CSR की मदद
इस पहल की सबसे खास बात इसका अनूठा वित्तीय मॉडल है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि इस मॉडल में शून्य हितग्राही अंशदान और शून्य अतिरिक्त शासकीय सहयोग की व्यवस्था रही। यानी सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना के लिए हितग्राहियों को अपनी ओर से कोई अतिरिक्त राशि नहीं देनी पड़ी। वहीं शासन पर भी कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आया। खास बात यह है कि इस पहल को किसी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) मद या अतिरिक्त सरकारी अनुदान के बिना सोलर दीदियों के प्रयासों, सामूहिक सहभागिता और स्व-प्रबंधन से सफल बनाया गया है।
सौर ऊर्जा से पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता को मिल रहा बढ़ावा
नारागांव में घर-घर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित होने से ग्रामीणों को स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग का अवसर मिल रहा है। इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर सामुदायिक सहयोग और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से तैयार हुआ यह मॉडल आने वाले समय में प्रदेश के अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।
सोलर दीदियों ने व्यवसाय से कमाए 2.50 लाख रुपये से अधिक
गुरूर विकासखंड के आंचल महिला संकुल संगठन की दीदियों ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की हितग्राही नहीं, बल्कि विकास और बदलाव की नेतृत्वकर्ता भी बन सकती हैं। सौर ऊर्जा से जुड़ी इस पहल ने महिलाओं के लिए रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी खोले हैं। इस कार्य को व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ाते हुए सोलर दीदियां अब तक 2.50 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर चुकी हैं।
नारागांव की यह उपलब्धि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक आत्मनिर्भरता का अनूठा संगम है। प्रदेश के पहले सोलर दीदी मॉडल से ऊर्जीकृत गांव के रूप में मिली पहचान ने यह संदेश दिया है कि महिलाओं की इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयास से गांवों में विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है।
