‘बेटी है तो कल है’ अभियान से प्रेरित होकर 16 नवंबर को भव्य जन्मोत्सव का आयोजन, शाम 7 बजे बाजार चौक में मां काली और मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां होंगी प्रस्तुत
बालोद। बेटियों के जन्म को बोझ नहीं, बल्कि खुशियों और गर्व का अवसर मानने की सकारात्मक सोच अब समाज में नई मिसाल पेश कर रही है। इसी कड़ी में ‘बेटी है तो कल है’ अभियान से प्रेरित होकर ग्राम घीना के सिन्हा परिवार ने घर में दूसरी बेटी के जन्म की खुशी को भव्य उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। 16 नवंबर 2026, सोमवार को आयोजित इस जन्मोत्सव में छट्ठी संस्कार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम 7 बजे से बाजार चौक घीना में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध ‘पटपर वाली काली’ सहित मां दुर्गा की भव्य झांकी विशेष आकर्षण रहेगी।
सिन्हा परिवार के अनुसार, थानू सिन्हा के सुपुत्र तामेश्वर सिन्हा एवं पुत्रवधू चांदनी सिन्हा को दूसरी संतान के रूप में पुत्री रत्न की प्राप्ति हुई है। परिवार ने बेटी के आगमन की खुशी को यादगार बनाने के लिए जन्मोत्सव एवं छट्ठी संस्कार का आयोजन रखा है। परिवार का कहना है कि इस पहल की प्रेरणा उन्हें ‘बेटी है तो कल है’ अभियान से मिली है। अभियान का उद्देश्य बेटियों के जन्म को भी बेटों की तरह समान खुशी, सम्मान और उत्साह के साथ मनाने का संदेश देना है।
बेटी के जन्म को उत्सव बनाकर दिया समानता का संदेश
‘बेटी है तो कल है’ अभियान के माध्यम से बेटियों के नाम पर दीप जलाने, रंगोली सजाने और उनके जन्म को गर्व के साथ उत्सव के रूप में मनाने की अपील की जाती रही है। घीना के सिन्हा परिवार ने दूसरी बेटी के जन्म पर भव्य आयोजन कर इस संदेश को अपने जीवन में उतारने की पहल की है। परिवार की यह पहल समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और समानता की भावना को मजबूत करने वाली मिसाल बन रही है।
शाम 7 बजे से सजेगा धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम
16 नवंबर को सुबह 8 बजे से ग्राम घीना में छट्ठी संस्कार एवं जन्मोत्सव का कार्यक्रम प्रारंभ होगा। वहीं रात्रि 7 बजे से बाजार चौक घीना, अर्जुन्दा में भव्य झांकी प्रस्तुति होगी। इसमें ग्राम पटपर, डोंगरगढ़ से पहुंचने वाले श्री दाई के दुलरवा नवरत्न जय झांकी परिवार द्वारा सुप्रसिद्ध ‘पटपर वाली काली’ एवं मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
आयोजक सिन्हा परिवार एवं समस्त ग्रामवासी घीना ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर नवजात बालिका को अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान करने की अपील की है। कार्यक्रम के स्वागतोत्सुक खेमचंद सिन्हा, कमलेश सिन्हा, लोमन सिन्हा, कैलाश सिन्हा, जितेंद्र सिन्हा, नेहर सिन्हा, हुलसी सिन्हा एवं हेयांश सिन्हा सहित समस्त सिन्हा परिवार हैं। वहीं श्रीमती सुंदरी बाई सिन्हा (परदादी) एवं श्री थानू सिन्हा (दादा) की ओर से भी सभी को स्नेहिल आमंत्रण दिया गया है।
