जगन्नाथपुर और झलमला मंडल में आयोजित कार्यक्रम में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और वोट की ताकत पर हुई चर्चा, राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे सवालों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील
बालोद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के अंतर्गत जगन्नाथपुर मंडल एवं झलमला मंडल में मंडल स्तरीय जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन ग्राम तरौद और सिवनी में किया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस छत्तीसगढ़ श्रीमती संगीता सिन्हा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।
विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को बचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने चुनाव आयोग से जुड़े 18 बिंदुओं पर उठाए गए सवालों एवं शिकायतों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेसजनों एवं आम नागरिकों से अपने वोट की ताकत पहचानने, लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। साथ ही वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जनचौपाल कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, शहर अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी, किसान जिला अध्यक्ष हेमन्त यादव, आदिवासी जिला अध्यक्ष श्रीमती लता कोराम, ब्लॉक कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र रामटेके, महामंत्री रोहित सागर, मंडल अध्यक्ष गजेन्द्र ठाकुर एवं राकेश उइके, जनपद सदस्य निर्मला बंजारे सहित सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

