भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला ने किसान हितैषी फैसले का किया स्वागत, कहा- अन्नदाताओं की आर्थिक मजबूती की दिशा में ऐतिहासिक कदम
बालोद। भारतीय जनता पार्टी के बिलासपुर संभाग सहप्रभारी एवं बालोद जिला पंचायत के पूर्व सभापति अभिषेक शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणा का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में सरकार बनने पर किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का वादा किया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के तत्काल बाद इस वादे को पूरा करते हुए आदेश जारी किया गया, जिसका लाभ लगातार प्रदेश के किसानों को मिल रहा है।
10 से 15 क्विंटल पैदावार वाले किसानों को भी मिलेगी राहत
श्री शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन किसानों को राहत देने की घोषणा की है, जिनकी प्रति एकड़ धान की पैदावार 10 से 15 क्विंटल के बीच होती है। अब ऐसे किसानों को भी 21 क्विंटल प्रति एकड़ के निर्धारित मानक के अनुरूप अंतर की राशि प्रदान की जाएगी।
इस निर्णय के तहत किसानों को 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि मिलेगी। इससे 21 क्विंटल के मानक के हिसाब से किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये का सीधा लाभ प्राप्त होगा। इस फैसले से कम पैदावार वाले किसानों को भी बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
किसानों में खुशी, भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
अभिषेक शुक्ला ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश सरकार की किसान हितैषी सोच और अन्नदाताओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस घोषणा से प्रदेशभर के किसानों में उत्साह का माहौल है। विभिन्न क्षेत्रों में किसान मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश के समस्त किसान भाइयों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह कदम किसानों की समृद्धि और आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी किसानों के हित में इसी तरह ठोस और जनकल्याणकारी निर्णय लेती रहेगी।
