डीसीएस सत्यापन नहीं होने से अटकी टोकन प्रक्रिया, नाराज किसानों ने पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा और एसडीएम गुरूर को सौंपा आवेदन
गुरूर। धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही किसानों को अपनी उपज बेचने की चिंता सताने लगी है। वहीं गुरूर ब्लॉक के ग्राम धनेली में धान खरीदी के लिए टोकन नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। चौंकाने वाली स्थिति यह है कि जिस गांव में धान खरीदी सोसायटी संचालित है, उसी गांव के करीब 80 प्रतिशत किसान अब तक धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटवा पाए हैं। दूसरी ओर इसी सोसायटी से जुड़े ग्राम बोडरा और ड़ढारी के किसानों के टोकन कट चुके हैं। इस भेदभावपूर्ण स्थिति को लेकर धनेली के किसानों में नाराजगी और चिंता है।
एक सोसायटी, तीन गांव, लेकिन टोकन प्रक्रिया में अंतर
जानकारी के अनुसार धनेली धान खरीदी सोसायटी के अंतर्गत ग्राम धनेली, बोडरा और ड़ढारी के किसान अपनी उपज का विक्रय करते हैं। वर्तमान में बोडरा और ढडारी के किसानों के धान विक्रय के लिए टोकन जारी हो चुके हैं, लेकिन सोसायटी वाले गांव धनेली के लगभग 80 प्रतिशत किसान अभी भी टोकन के इंतजार में हैं।
किसानों का कहना है कि उनके खेतों का डीसीएस सत्यापन नहीं होने के कारण टोकन कटने में परेशानी आ रही है। एक ही सोसायटी से जुड़े तीन गांवों में ऐसी स्थिति सामने आने से किसान सवाल उठा रहे हैं।
पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा और एसडीएम तक पहुंची किसानों की शिकायत
टोकन नहीं मिलने से परेशान ग्राम धनेली के किसानों ने पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा के समक्ष अपनी समस्या रखी। इसके साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गुरूर को लिखित आवेदन सौंपकर खेतों का डीसीएस सत्यापन जल्द कराने की मांग की है।
12 नवंबर 2026 को सौंपे गए आवेदन में किसानों ने बताया कि सत्यापन नहीं होने के कारण वे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से इस मामले को प्राथमिकता से लेते हुए सभी प्रभावित किसानों के खेतों का सत्यापन शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
सरपंच सहित सैकड़ों किसान प्रभावित
इस समस्या से प्रभावित किसानों में ग्राम सरपंच बालमुकुंद निषाद, डामन लाल साहू, सुरेश कुमार, रूपराम साहू, टीकाराम, मुरलीराम, श्याम कुमार, देव सिन्हा, दिनेश कुमार, धर्म सिंह, भानुराम, विक्रम सिंह, लोकेश कुमार साहू, माधवराव, गौकरण, परमानंद साहू, संतोष, फकीर, दीनाबाई, कुंवर सिंह, लेखराम और सोहनलाल सहित सैकड़ों किसान शामिल हैं।
समय पर सत्यापन नहीं हुआ तो किसानों की धान बिक्री पर संकट
किसानों की मांग है कि प्रशासन और संबंधित विभाग डीसीएस सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि धनेली के किसान भी बोडरा और ढडारी के किसानों की तरह समय पर टोकन प्राप्त कर अपनी उपज बेच सकें। धान खरीदी का सीजन चलने के बीच टोकन में हो रही देरी से किसानों को चिंता है कि कहीं उनकी उपज की बिक्री प्रभावित न हो जाए। अब किसानों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
