सिवनी में तांदुला नदी पुल के नीचे चल रहा था नशीली दवाइयों का कारोबार, ट्रामाडोल युक्त कैप्सूल, नगदी और मोबाइल सहित ₹1.91 लाख का मशरूका जब्त
बालोद। जिले में अवैध नशीली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित कैप्सूल, नगदी रकम और मोबाइल फोन सहित कुल ₹1,91,631 का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में जिले में अवैध नशीली दवाइयों के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को थाना बालोद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिवनी में तांदुला नदी पुल के नीचे बालोद निवासी अनूप सरकार सफेद रंग के बैग में नशीली दवाइयां रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना बालोद पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही अनूप सरकार को पकड़ लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान इस कारोबार में शामिल दीपक धीवर और वाहिद खान के नाम भी सामने आए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
गिरफ्तार आरोपियों में अनूप सरकार (38 वर्ष), पिता हेमंत सरकार, निवासी वार्ड क्रमांक 17 कुंदरूपारा, बालोद; दीपक धीवर (23 वर्ष), पिता संतोष धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक 03 धोबनी पारा, कुरूद, जिला धमतरी तथा वाहिद खान (26 वर्ष), पिता स्व. स्माइल खान, निवासी वार्ड क्रमांक 14 संजय नगर, कुरूद, जिला धमतरी शामिल हैं।
464 प्रतिबंधित कैप्सूल समेत ₹1.91 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से SPAS-TRASCEN-PLUS (ट्रामाडोल) के 312 प्रतिबंधित कैप्सूल, जिनकी कीमत ₹1,24,800 बताई गई है, तथा SPASMO-PROXYVON-PLUS (ट्रामाडोल) के 152 कैप्सूल, जिनकी कीमत ₹60,800 है, बरामद किए हैं। इसके अलावा ₹1,031 नगद, एक रियलमी नारजो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग ₹5,000 है, दो अन्य एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹1,300 नगद भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त मशरूका की कीमत ₹1,91,631 बताई गई है।
27 नवंबर तक न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बालोद में अपराध क्रमांक 616/2026, धारा 22(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। अनूप सरकार को 13 नवंबर की रात 20:45 बजे तथा दीपक धीवर और वाहिद खान को 14 नवंबर को क्रमशः 13:40 और 13:50 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर 27 नवंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर प्रभारी एएसआई धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक भूपेश साहू, चुलेन्द्र कुर्रे, नागेश साहू, आकाश दुबे, आकाश सोनी, भोप सिंह साहू एवं उमाशंकर सिन्हा की विशेष भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशीली दवाइयों के क्रय-विक्रय अथवा अन्य किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

