गुंडरदेही में मासूम बेटियों से दुष्कर्म, अवैध शराब और दलित महिला सरपंच की प्रताड़ना का मामला गरमाया

Santosh Kumar Sahu District Reaporter
0

 



विधायक कुंवर सिंह निषाद ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल; गृहमंत्री एवं प्रभारी मंत्री विजय शर्मा से मांगा जवाब

बालोद। गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं के साथ दुष्कर्म, अवैध शराब बिक्री और अनुसूचित जाति वर्ग की महिला सरपंच के साथ कथित जातिगत प्रताड़ना के मामलों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं और कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने जिला पुलिस अधीक्षक बालोद को ज्ञापन सौंपकर सभी मामलों में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

मासूम बेटियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने ज्ञापन में गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी (क), ग्राम परसदा (डंग), रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा (मोखा) तथा अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम परसतराई में नाबालिग बालिकाओं के साथ घटित दुष्कर्म की घटनाओं को अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक बताया।

उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जब मासूम बच्चियां अपने ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं, तो महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ऐसे मामलों में त्वरित विवेचना, आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को सुरक्षा और समयबद्ध न्याय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

ग्राम राहुद में अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई की मांग

विधायक ने ग्राम राहुद में अवैध शराब बिक्री का मामला भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि गांवों में अवैध शराब का कारोबार सामाजिक वातावरण को दूषित करने के साथ-साथ अपराध और अशांति को भी बढ़ावा देता है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा इस कारोबार को संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की। विधायक ने स्पष्ट कहा कि केवल दिखावटी कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता।

दलित महिला सरपंच के कथित जातिगत उत्पीड़न का मामला उठाया

सनौद चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत सियनमरा की अनुसूचित जाति वर्ग की महिला सरपंच श्रीमती मंजू महिलांगे के साथ उपसरपंच एवं पंचों द्वारा कथित जातिगत प्रताड़ना का मामला भी ज्ञापन में शामिल किया गया।

विधायक ने कहा कि प्रताड़ना से आहत होकर महिला सरपंच द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना अत्यंत गंभीर है। इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही पीड़ित महिला को न्याय एवं सुरक्षा प्रदान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

गृहमंत्री एवं प्रभारी मंत्री विजय शर्मा से मांगा जवाब

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने प्रदेश के गृहमंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा का ध्यानाकर्षण करते हुए कहा कि गुंडरदेही विधानसभा सहित पूरे बालोद जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, अवैध शराब पर अंकुश और जातिगत प्रताड़ना के मामलों में पुलिस प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। अपराधियों में कानून का भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास होना आवश्यक है।

विधायक ने कहा कि गंभीर अपराधों में समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ते हैं और जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कमजोर होता है। इसलिए सभी मामलों में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई तथा क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।

अनिला भेड़िया ने भी उठाई महिला सुरक्षा की आवाज

पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया ने कहा कि क्षेत्र की जनता, बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

कांग्रेसजन रहे उपस्थित

पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष श्री कचरू साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर के अध्यक्ष श्री अंचल प्रकाश साहू, नगर पालिका बालोद के नेता प्रतिपक्ष श्री कासिमुद्दीन कुरैशी, पार्षद श्री विनोद बंटी शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

विधायक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सभी गंभीर मामलों में विशेष निगरानी रखते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और क्षेत्र की जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम हो।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top