गांव के लाल को मिला सम्मान, राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त प्राचार्य दयालूराम पिकेश्वर का भंवरमरा में भव्य अभिनंदन

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 



दिवाली मिलन समारोह में कर्मचारी संघ और ग्रामवासियों ने शाल-श्रीफल व स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को बताया नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत

बालोद। ग्राम भंवरमरा में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में गांव के मूल निवासी एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्राचार्य दयालूराम पिकेश्वर का कर्मचारी संघ एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा आत्मीय सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले पिकेश्वर का सम्मान गांव के लिए गौरव और भावनात्मक जुड़ाव का विशेष अवसर रहा।

दयालूराम पिकेश्वर मूलतः ग्राम भंवरमरा के निवासी हैं तथा वर्तमान में डौंडीलोहारा नगर में भी निवासरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित होने की उपलब्धि ने गांव को गौरवान्वित किया है। इसी उपलब्धि के सम्मान में दिवाली मिलन समारोह के दौरान ग्रामीणों एवं कर्मचारी संघ के सदस्यों ने उन्हें शाल, श्रीफल, प्रतीक चिह्न, पेन, डायरी, पेट शर्ट भेंटकर अभिनंदन किया।

गांव की माटी से जुड़ी उपलब्धि का हुआ सम्मान

समारोह में पिकेश्वर के सम्मान को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह रहा। अपने ही गांव में सम्मानित होना उनके लिए आत्मीयता और अपनत्व का अवसर बना। ग्रामीणों ने उनके शैक्षणिक योगदान और उपलब्धियों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत भंवरमरा की सरपंच निर्मला ठाकुर थीं। अध्यक्षता ग्राम पटेल राधेलाल राण्डे ने की। विशेष अतिथि के रूप में नरेंद्र गोटा, पैतूराम राना, रुपेश पिस्दा, शोबिद गांवरे, सक्तुराम पिस्दा, रमन सिंह मंडावी एवं लवन सिंह साहू उपस्थित रहे।


कर्मचारी संघ के अध्यक्ष लोकेश कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष प्यारेलाल प्रीतम, संरक्षक दयालूराम पिकेश्वर एवं व्याख्याता थानसिंह मंडावी सहित कर्मचारी संघ के समस्त सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर सशस्त्र बल पुलिस से सेवानिवृत्त एच.आर. मंडावी का भी सम्मान किया गया।

कारी सांवरिया मांडरी की प्रस्तुति ने बांधा समां

रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मोहला-मानपुर जिले से पहुंचे कारी सांवरिया मांडरी दल ने आकर्षक प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति ने ग्रामीणों का मन मोह लिया और दिवाली मिलन समारोह को यादगार बना दिया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top