दीपावली मिलन समारोह में चमकी चिल्हाटी कला की प्रतिभाएं, मेधावी विद्यार्थियों सहित विशिष्ट व्यक्तित्वों को मिला ‘ग्राम गौरव सम्मान’

Madhu Sahu Desk Incharge
0


10वीं-12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को स्वर्गीय दशरथ साहू की स्मृति में किया गया सम्मानित, सेवानिवृत्त कर्मचारी और नवपदस्थ बीईओ राजेश पिस्दा भी हुए सम्मानित; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां !


चिल्हाटी कला। दीपावली के पावन अवसर पर ग्राम चिल्हाटी कला में अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ द्वारा 7 नवंबर 2026 को दीपावली मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में गांव की शैक्षणिक प्रतिभाओं के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बालोद श्री राजेश पिस्दा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता व्याख्याता श्री रमेश ठाकुर ने की। विशेष अतिथियों में सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी श्री घनश्याम कोसमा, ग्राम पंचायत चिल्हाटी कला की सरपंच श्रीमती हुमलेश्वरी भुआर्य, जिला कांग्रेस महामंत्री श्री मेघनाथ साहू, ग्राम प्रमुख श्री टोप सिंग साहू, समाज प्रमुख श्री सियाराम पटेल, श्री रघु राम मानकर, श्री बिसाली पटेल एवं श्री रोहित पटेल, सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री कपिल भुआर्य, सीआरपीएफ के श्री राजू पिस्दा, श्री रामदास चिराम एवं श्री चिंता राम साहू सहित अनेक वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कर्मचारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री दीपक पटेल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब हम अपनी प्रतिभाओं को पहचानें, उनका सम्मान करें और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।


मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्गीय दशरथ साहू की स्मृति में मिला सम्मान


समारोह का मुख्य आकर्षण प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम रहा। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में ग्राम स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मेघा पटेल एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली इंदु को सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली डाली पटेल एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली डोमेश्वरी को ग्राम के वरिष्ठ नागरिक स्वर्गीय दशरथ साहू की स्मृति में मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले अन्य 10 विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।













राजेश पिस्दा और घनश्याम कोसमा को मिला ग्राम गौरव सम्मान


इस अवसर पर ग्राम के सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री घनश्याम कोसमा एवं बालोद जिले के नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पिस्दा को उनके विशिष्ट योगदान एवं उपलब्धियों के लिए 'ग्राम गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया।


अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण और उत्साह भी बढ़ाते हैं। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ की इस पहल को सराहनीय एवं अनुकरणीय बताया।


कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के कोषाध्यक्ष श्री कमलकांत साहू, श्री ताम्रध्वज पटेल, श्री तुमेन्द्र रात्रे, श्री चिरंजीव कोसमा, श्री शीतलसाय कोसमा, श्री सुरेश यादव सहित प्रकोष्ठ के अन्य सदस्यों एवं ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता रही।


समारोह के अंतिम चरण में छत्तीसगढ़ी लोक सांस्कृतिक रिकॉर्डिंग संस्था 'मया के चिन्हारी', ग्राम सिरपुर (खेरथा बाजार), जिला बालोद के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।


कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन सामूहिक सहभागिता से संपन्न हुआ। अंत में शिक्षक श्री डोमार सिंह धलेंद्र ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं ग्रामवासियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।


दीपावली मिलन एवं प्रतिभा सम्मान का यह आयोजन ग्राम चिल्हाटी कला में आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक यादगार एवं सराहनीय पहल साबित हुआ।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top