नवीन कला मंच निर्माण का हुआ भूमि पूजन, समाजसेवी राजेश कुमार सिन्हा ने की पहल; सेवानिवृत्त कर्मचारी का सम्मान और प्रयास विद्यालय में चयनित छात्रा का हुआ अभिनंदन
गुंडरदेही (बालोद)। शिक्षा के मंदिर में अब आस्था, संस्कृति, संस्कार और देशप्रेम की अनूठी छटा देखने को मिलेगी। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिर्राभांठा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में नवीन कला मंच निर्माण के लिए समाजसेवी राजेश कुमार सिन्हा ने भूमि पूजन किया। वहीं तुलसीराम क्रांत, द्वारिका क्रांत एवं लिकेश्वर सिन्हा के सहयोग से विद्यालय परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता और मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रतिमा स्थापना के लिए भी विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
विद्यालय परिसर में तीनों माताओं की प्रतिमाओं की स्थापना को ग्रामीणों ने गौरवपूर्ण पहल बताया। इससे नई पीढ़ी को अपनी माटी, मातृभूमि, शिक्षा और संस्कारों के प्रति सम्मान एवं समर्पण की प्रेरणा मिलेगी। वहीं नवीन कला मंच विद्यार्थियों की सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभाओं को अभिव्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में कर्मचारी प्रकोष्ठ की ओर से जीवन बीमा निगम से सेवानिवृत्त हुए तुलसीराम क्रांत का सम्मान किया गया। वहीं कुमारी पूर्वी सिन्हा का बिलासपुर जिले के प्रयास विद्यालय में चयन होने पर श्रीफल, शाल एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया गया। उपस्थितजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर लक्ष्मी समिति द्वारा समाजसेवी राजेश कुमार सिन्हा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं दर्शकों के मनोरंजन के लिए 'पुरवैया गुरुर छत्तीसगढ़' सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. दाऊ राम धुर्वे, तुलसीराम क्रांत, श्रीमती दशमत महेंद्र रात्रे, श्रीमती मनभा सिन्हा, लालाराम साहू, ईश्वर बघेल, खेमराज सिन्हा, रूपचंद जैन, अखिलेश जैन, देवघर प्रसाद साहू, प्रधान पाठक दिनेश कुमार निषाद, यादराम सिन्हा, कमल कुमार सिन्हा, मिथिलेश नेताम, पुस बसंत, श्रीमती अनुसोईया साहू एवं श्रीमती पुष्पा साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।
ग्राम सिर्राभांठा की यह पहल इस बात का उदाहरण बनी कि गांव का विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार, देशप्रेम और सामाजिक एकता का केंद्र भी बन सकता है।



