बालोद में शहर कांग्रेस कमेटी ने किया माल्यार्पण, अंचल प्रकाश साहू बोले—हर युवा को रोजगार और हर किसान को मिले सम्मान
बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी बालोद ने संजारी क्लब स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने छत्तीसगढ़ महतारी को नमन करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पुरखों के संघर्ष और सपनों से बना छत्तीसगढ़, चुनौतियों से मिलकर लड़ना होगा : अंचल प्रकाश साहू
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, जनआकांक्षाओं और हमारे पुरखों के सपनों का परिणाम है। आज प्रदेश के सामने बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य जैसी अनेक चुनौतियां हैं। इनका सामना राजनीतिक संकीर्णता से ऊपर उठकर जनहित, संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच के साथ करना होगा।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प छत्तीसगढ़ की मूल पहचान, संस्कृति, संसाधनों और अधिकारों की रक्षा करते हुए ऐसा प्रदेश बनाने का होना चाहिए, जहां हर युवा को रोजगार, हर किसान को सम्मान, हर वर्ग को समान अवसर और हर नागरिक को बेहतर भविष्य मिल सके।
जल-जंगल-जमीन और संस्कृति की रक्षा के साथ हो गांव-शहर का समान विकास : सुमित शर्मा
पार्षद सुमित शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल एक राज्य नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ को संवारने की जिम्मेदारी हम सभी की है। प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, जल, जंगल, जमीन और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की ऐसी राह बनानी होगी, जिसमें गांव से लेकर शहर तक हर क्षेत्र का समान विकास हो।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाकर ही हम अपने पुरखों के सपनों का समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़ बना सकते हैं।
स्थापना दिवस पर जुटे कांग्रेसजन, छत्तीसगढ़ महतारी को किया नमन
इस अवसर पर नगरपालिका परिषद बालोद के नेता प्रतिपक्ष कसमुद्दीन कुरैशी, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बंटी शर्मा, अनिल यादव, हसमुख टुवानी, अनिल चैनानी, पार्षद रीता सोनी, वैभव शर्मा, अवधेश सिंह, लोकेश पाठक, फरहान खान, हिमांशु सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
जय छत्तीसगढ़! जय छत्तीसगढ़ महतारी!
