बालोद में बॉडीबिल्डरों का शक्ति प्रदर्शन! आजम खान बने ‘मिस्टर छत्तीसगढ़’, चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब किया अपने नाम

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 



राज्य स्तरीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में 23 जिलों के करीब 150 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 50 कोच, मैनेजर और ऑफिशियल भी हुए शामिल

बालोद। शरीर सौष्ठव, अनुशासन और फिटनेस के जुनून से भरे माहौल में बालोद शहर में 31 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय मिस्टर छत्तीसगढ़ बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। जिला बॉडीबिल्डिंग संघ बालोद के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में सीनियर, मास्टर और दिव्यांग वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और शानदार फिटनेस का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राजनांदगांव के खिलाड़ी आजम खान ने मिस्टर छत्तीसगढ़ चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब अपने नाम किया।

23 जिलों के 150 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, मंच पर दिखा फिटनेस का जुनून

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, जशपुर, राजनांदगांव, कांकेर, कोंडागांव, धमतरी, जगदलपुर, बालोद, दल्ली राजहरा, नगरी और महासमुंद सहित प्रदेश के लगभग 23 जिलों से करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनके साथ लगभग 50 कोच, मैनेजर, रेफरी और अन्य ऑफिशियल भी चैंपियनशिप में शामिल हुए।

10 ग्रुप में हुई प्रतियोगिता, विजेताओं को नकद पुरस्कार और मेडल से नवाजा

बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन 10 अलग-अलग ग्रुप में किया गया। सभी ग्रुप के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण मिस्टर छत्तीसगढ़ चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब रहा, जिसे राजनांदगांव के आजम खान ने हासिल किया।

सांसद विजय बघेल रहे मुख्य अतिथि, कई गणमान्य जनों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर तोमन साहू, कमलेश सोनी (उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद बालोद एवं अध्यक्ष, रेडक्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़), आर.पी. यादव (अध्यक्ष, जिला वेटलिफ्टिंग संघ बालोद), प्रीति देशमुख (अध्यक्ष, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ), श्री निर्मलकर, जयंत साहू, रामधनी यादव (समाजसेवी), दिनेश तापड़िया, रंजन कुमार झा (डायरेक्टर, खोकी जिमखाना क्लब, रायपुर) और इमरान खान सहित अन्य अतिथियों का विशेष सहयोग रहा।

फिटनेस संस्थाओं और सहयोगियों की मेहनत से आयोजन हुआ सफल

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन, जिला बॉडीबिल्डिंग संघ बालोद, फिटनेस वर्ल्ड जिम बालोद और आरोग्यम क्रॉसफिट बालोद का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में विशेष सहयोगी के रूप में जितेंद्र कुमार पटेल, संतोष कुमार वासनिक, योगेश कुमार सोनकर, रितेश कुमार, कन्हैया शर्मा, टिकेश्वर कुमार देशमुख, शेखर ठाकुर, दीपांशु साहू, मयंक देशमुख, सुमित कुमार, सुषमा ढीमर, डोमेश्वरी ठाकुर, हेम शिखा, पुष्प ठाकुर, नारायणी यादव, आरोग्यम क्रॉसफिट जिम के संचालक चंदन साहू और फिटनेस वर्ल्ड जिम के कोच नरेंद्र कुमार साहू विशेष रूप से शामिल रहे।

आयोजकों ने खिलाड़ियों, कोच और बालोदवासियों का जताया आभार

जिला बॉडीबिल्डिंग संघ बालोद ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, सहयोगियों, बालोदवासियों तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर, रेफरी और सभी ऑफिशियल के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह राज्य स्तरीय चैंपियनशिप भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top