अब बेटियां सिर्फ पढ़ेंगी नहीं, प्रशासनिक कामकाज भी सीखेंगी! बालोद में सांसद भोजराज नाग ने किया ‘बिटिया@वर्क’ अभियान का शुभारंभ

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 










राज्योत्सव में छात्राओं को मिला कलेक्टर और एसपी से सीधे संवाद का मौका, कलेक्ट्रेट पहुंचकर जानी प्रशासनिक कार्यप्रणाली; अधिकारियों ने दिए सफलता के मंत्र


बालोद, 03 नवंबर 2026। बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें भविष्य में अपने करियर की सही दिशा चुनने के लिए प्रेरित करने बालोद जिले में अनूठी पहल की शुरुआत हुई है। अब छात्राएं केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यालयों में पहुंचकर अधिकारियों के कामकाज, सरकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को भी करीब से समझेंगी। जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह के अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने ‘बिटिया@वर्क’ अभियान का शुभारंभ किया।


महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने गुब्बारे छोड़कर किया।


### कलेक्टर से मिलीं छात्राएं, बड़े सपने देखने और मेहनत करने का मिला संदेश


अभियान के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में छात्राओं को संयुक्त जिला कार्यालय का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं ने कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से मुलाकात की और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा।


कलेक्टर ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि बेटियों को अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। शिक्षा आत्मनिर्भरता और सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, नई चीजें सीखने और अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार करियर चुनने के लिए प्रेरित किया।


उन्होंने कहा कि आज बालिकाओं के लिए हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर प्रयास से वे अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।


### एसपी से भी किया सीधा संवाद, छात्राओं ने पूछे कई सवाल


छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण से भी मुलाकात की। एसपी ने उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की सलाह दी।


इस दौरान छात्राओं ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अधिकारियों से सीधे संवाद कर छात्राओं को प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला।




### अधिकारियों ने बताया सरकारी योजनाओं से लेकर करियर तक का रास्ता


भ्रमण के दौरान छात्राओं ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य एवं श्री हरिवंश सिंह मिरी से भी मुलाकात की।


अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के कामकाज, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि प्रशासनिक सेवाओं के अलावा शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी बालिकाओं के लिए आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं।


### उपहार में मिला कप और टी-शर्ट, भोजन की भी रही व्यवस्था


‘बिटिया@वर्क’ अभियान के तहत भ्रमण पर पहुंचीं छात्राओं को अधिकारियों की ओर से उपहार स्वरूप कप एवं टी-शर्ट प्रदान किए गए। वहीं, कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उनके लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई।


### बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल


‘बिटिया@वर्क’ अभियान के माध्यम से छात्राओं को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव कराया जा रहा है, ताकि वे अलग-अलग करियर विकल्पों और रोजगार की संभावनाओं को समझ सकें। इससे उनमें निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होगी।


महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए बालिकाओं को शिक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top