अर्नब तूफान ने बिगाड़ी किसानों की फसल! कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने दिए नुकसान के सर्वे और जल्द मुआवजा वितरण के निर्देश

Madhu Sahu Desk Incharge
0







### 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, केंद्रों में बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था करने के आदेश; डिजिटल क्रॉप सर्वे और आवासहीनों के सर्वे की भी हुई समीक्षा


बालोद, 03 नवंबर 2026। जिले में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसलों एवं पशुधन को हुए नुकसान को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित गांवों में संयुक्त सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और पात्र किसानों एवं पशुपालकों को जल्द राहत एवं मुआवजा राशि दिलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर भी तैयारियां तेज करने को कहा है।


संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व अमले के मैदानी कार्यों, जनकल्याणकारी नियमों के तहत सर्वेक्षण, डिजिटल क्रॉप सर्वे, धान खरीदी की तैयारियों और तूफान से हुए नुकसान की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।


### तूफान से फसल और पशुधन को नुकसान, गांव-गांव होगा सर्वे


चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसलों तथा पशुधन को हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले को संयुक्त रूप से प्रत्येक प्रभावित गांव का निरीक्षण करने को कहा।


उन्होंने फसल क्षति और मवेशियों की हानि की वास्तविक रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आरबीसी 6-4 एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुरूप प्रभावित किसानों और पशुपालकों को जल्द राहत एवं मुआवजा राशि उपलब्ध कराने पर जोर दिया।


### धान खरीदी से पहले बारदानों का इंतजाम पूरा करने के निर्देश


आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में बारदानों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं उपार्जन केंद्रों में नए और पुराने बारदानों का पर्याप्त अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इसके अलावा मिलर्स एवं पीडीएस दुकानों से बारदानों की समय पर वापसी और संग्रहण के लिए लगातार निगरानी करने को कहा, ताकि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


### डिजिटल क्रॉप सर्वे के बाद ग्राम सभाओं में होगा गिरदावरी का सत्यापन


कलेक्टर ने कृषि एवं राजस्व विभाग के समन्वय से संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की जानकारी ली। डीसीएस मोबाइल एप के माध्यम से खेतों के पॉलीगॉन सर्वेक्षण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि गिरदावरी एवं फसल रकबे का त्रुटिरहित निर्धारण करने में यह सर्वे बेहद महत्वपूर्ण है।


उन्होंने निर्देश दिए कि डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा होने के बाद ग्राम सभाओं का अनिवार्य आयोजन किया जाए। इसमें किसानों के सामने गिरदावरी एवं फसल रकबे से संबंधित विवरण का वाचन कराकर प्रमाणीकरण किया जाए, ताकि धान उपार्जन के दौरान किसी तरह की विसंगति न हो। ग्राम सभाओं में प्राप्त आपत्तियों का निराकरण करने और डीसीएस सर्वेयरों का मानदेय अविलंब भुगतान करने के निर्देश भी दिए गए।


### आवासहीनों के सर्वे में कोई पात्र हितग्राही नहीं छूटे


बैठक में नगरीय क्षेत्रों के आवासहीन व्यक्तियों को पट्टाधृति अधिकार नियम 2023 के तहत जिले के सभी नगरीय निकायों में चल रहे सर्वेक्षण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण में कोई भी पात्र हितग्राही छूटने न पाए। इसके लिए निकायवार तेजी और पारदर्शिता के साथ सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जाए।


उन्होंने फील्ड स्तर पर सर्वे कर रहे सर्वेयरों के मानदेय भुगतान की जानकारी लेते हुए समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


### बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद


समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, श्री गिरधारी लाल यादव एवं श्री हरिवंश सिंह मिरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य अधिकारी एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top