स्कूटी रोककर युवक से की थी मारपीट, चांदी की चेन और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद; प्रधान सत्र न्यायाधीश ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर सुनाई सजा
बालोद। चाकू दिखाकर युवक से लूटपाट करना तीन आरोपियों को भारी पड़ गया। बालोद जिला न्यायालय ने लूटपाट के मामले में तीनों आरोपियों को सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। प्रधान सत्र न्यायाधीश एस.एल. नवरत्न की अदालत ने 3 नवंबर 2026 को उपलब्ध ठोस एवं प्रबल साक्ष्यों के आधार पर तीनों को विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराते हुए कारावास और अर्थदंड से दंडित किया।
दोषियों में विक्रम ठाकुर (22 वर्ष), पिता रोहित ठाकुर, निवासी कुंदरूपारा बालोद, लीगल यादव (19 वर्ष), पिता स्व. घनश्याम यादव, निवासी पचरीपारा कुरूद, जिला धमतरी तथा अमित कुमार ठाकुर (27 वर्ष), पिता रोहित कुमार ठाकुर, निवासी खाल्हेपारा वार्ड क्रमांक 11 बालोद शामिल हैं।
### स्कूटी के सामने गाड़ी अड़ाकर रोका, फिर चाकू दिखाकर लूट लिए रुपये और जेवर
अभियोजन के अनुसार प्रार्थी हरिश कुमार साहू ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल 2026 को वह अपनी स्कूटी से बस स्टैंड बालोद से आमापारा स्थित रिसॉर्ट की ओर नहर-नाली मार्ग से जा रहा था। दोपहर करीब 3:20 बजे पुलिस मोड़, पड़री रिया पेड़ के पास पीछे से गहरे हरे रंग की स्कूटी पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उसकी स्कूटी के सामने अपनी गाड़ी खड़ी कर उसे रोक लिया।
इसके बाद तीनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दो आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके पर्स से 300 रुपये नकद, 6 हजार रुपये कीमत की चांदी की चेन तथा 1 हजार रुपये कीमत की स्मार्ट वॉच लूट ली। इस तरह आरोपियों ने कुल 7,300 रुपये की संपत्ति लूटने के साथ प्रार्थी की स्कूटी को भी नहर-नाली पार से नीचे गिराकर नुकसान पहुंचाया।
### लूट की चांदी की चेन और वारदात में इस्तेमाल चाकू ने खोला राज
घटना की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। संदेही आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया। गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों के मेमोरेंडम कथन दर्ज किए गए। आरोपी विक्रम ठाकुर के कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया।
वहीं, तहसीलदार बालोद द्वारा कराई गई पहचान परेड में प्रार्थी ने तीनों आरोपियों की सही पहचान की। जांच के दौरान चाकू दिखाकर लूट की घटना सामने आने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 24 एवं 27 भी जोड़ी गई। इसके बाद पुलिस ने विवेचना पूरी कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।
### सात साल की जेल के साथ अर्थदंड भी, इन धाराओं में हुई सजा
न्यायालय ने तीनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) सहपठित धारा 3(5) के तहत 500 रुपये अर्थदंड, धारा 115(2) सहपठित धारा 3(5) के तहत 500 रुपये अर्थदंड से दंडित किया।
इसके अलावा धारा 309(4) सहपठित धारा 3(5) के तहत सात वर्ष का सश्रम कारावास एवं 1,000 रुपये अर्थदंड तथा धारा 312 सहपठित धारा 3(5) के तहत सात वर्ष का सश्रम कारावास एवं 1,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं धारा 324(2) सहपठित धारा 3(5) के तहत 500 रुपये अर्थदंड लगाया गया।
प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक तोमन लाल साहू ने पैरवी की। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक सूरज साहू द्वारा की गई। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
