पद्मश्री शमशाद बेगम ने की अपील– छोटे बच्चों के हाथों में बिल्कुल न दें पटाखे, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ मनाएं दीपावली; नशे से दूर रहकर सुरक्षित वाहन चलाने का भी दिया संदेश।
दल्लीराजहरा। जनकल्याण के विभिन्न कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वयंसेवी सामाजिक संस्था महिला कमाण्डो अपनी गांधीवादी कार्यशैली और जनहितकारी प्रयासों के चलते एक अलग पहचान बना चुकी है। पद्मश्री शमशाद बेगम के नेतृत्व में महिला कमाण्डो की सदस्याएं समय-समय पर सामाजिक जागरूकता के विभिन्न अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाती हैं।
चाहे मतदाता जागरूकता अभियान हो, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण या होली और दीपावली जैसे त्योहारों पर सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश देना हो, महिला कमाण्डो हमेशा जनहित के कार्यों में आगे रहती हैं।
दीपावली के पावन अवसर पर पद्मश्री शमशाद बेगम ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि त्योहार खुशियों और सावधानी के साथ मनाएं। विशेष रूप से छोटे बच्चों के हाथों में पटाखे बिल्कुल न दें और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।
महिला कमाण्डो की सावित्री साहू ने बताया कि सभी महिला कमाण्डो अपने-अपने गांवों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। वे परिवारों से अपील कर रही हैं कि दीपावली अच्छे और सुरक्षित तरीके से मनाएं। पटाखे सावधानीपूर्वक फोड़ें, छोटे बच्चों को अकेला बिल्कुल न छोड़ें और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतें।
वहीं, महिला कमाण्डो की पत्रिका बंजारे, दल्लीराजहरा ने यातायात सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा कि दीपावली के दौरान वाहन चलाते समय नशापान बिल्कुल न करें। वाहन को संतुलित गति से चलाएं, सीट बेल्ट अवश्य लगाएं और सुरक्षित यात्रा करें। उन्होंने कहा कि घर पर परिवार के सदस्य आपका इंतजार कर रहे हैं, इसलिए सुरक्षित जाना और सुरक्षित लौटना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
महिला कमाण्डो का संदेश स्पष्ट है कि दीपावली खुशियों का त्योहार है, इसे लापरवाही से नहीं बल्कि सतर्कता, जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ मनाएं, ताकि हर घर में खुशियों का दीप जलता रहे।
