सांकरा ‘क’, धनोरा और पलारी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, बारदाना की कमी दूर करने और पलारी केंद्र को समतल करने के दिए निर्देश
बालोद, 13 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने शुक्रवार को सांकरा ‘क’, धनोरा और पलारी धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न केंद्रों में अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। वहीं, धनोरा धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश देकर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया।
बारदाना की कमी नहीं होनी चाहिए, स्टेंसिल और स्टैक की व्यवस्था करें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में बारदाना की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी कार्य के दौरान बारदाना की कमी नहीं होनी चाहिए। उपलब्ध बारदानों में नियमानुसार स्टेंसिल लगाने के साथ ही धान के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त संख्या में स्टैक तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि खरीदी शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
पलारी केंद्र की बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी
पलारी धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान परिसर की स्थिति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल केंद्र परिसर समतल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान की आवक, तौल, परिवहन और भंडारण के लिए केंद्र में पर्याप्त जगह और व्यवस्थित व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
धनोरा केंद्र के समिति प्रबंधक पर गिरी गाज
धनोरा धान खरीदी केंद्र में निरीक्षण के दौरान मिली अव्यवस्थाओं को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं में कमी या कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सर्वोपरि
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने तीनों केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने को कहा। उन्होंने किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर कमियों को तत्काल दूर करने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी धान उपार्जन केंद्रों की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शासन की धान खरीदी व्यवस्था का लाभ प्रत्येक पात्र किसान को समय पर मिले और किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।




