बालोद में सजा विज्ञान का मंच, विद्यार्थियों ने मॉडल और नवाचार से दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 








जिला स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता में चार विकासखंडों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, चयनित प्रतिभागी 16 नवंबर को दुर्ग में करेंगे जोन स्तरीय प्रतियोगिता में शिरकत


बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद में 4 नवंबर को जिला स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता 2026-27 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के बालोद, डौंडी लोहारा, डौंडी एवं गुण्डरदेही विकासखंडों से ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।






विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, विज्ञान नाटिका, प्रश्नोत्तरी, विज्ञान प्रोजेक्ट एवं शिक्षक संगोष्ठी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचारपूर्ण मॉडल और वैज्ञानिक परियोजनाओं के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल एवं परियोजनाएं कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं।


प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए बी.एन. योगी, रूपेश कश्यप एवं लोचन देशमुख ने निर्णायक की भूमिका निभाई। संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर बी.आर. साहू, साकेत वर्मा, डी.एन. तिवारी, सूर्यकांत सिन्हा, अनीता पद्माकर, नीलू सोनी, विनीता दिल्लीवार, शैल देशमुख, ऋचा मीका, सरिता ठाकुर, गीतिका दुबे एवं भावना साहू की उपस्थिति एवं सहयोग उल्लेखनीय रहा।


कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय प्रभारी राजेंद्र कुमार वर्मा ने किया, जबकि मंच संचालन मोहम्मद अशरफ तिगाला ने किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।


जिला स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं आगामी 16 नवंबर 2026 को जेआरडी, दुर्ग में आयोजित जोन स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अंत में एम.के. थावरे ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं नवाचार को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान किया।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top