समाज सेवा, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सहारनपुर में मिला सम्मान; देश के 15 राज्यों के युवा समाजसेवी भी हुए सम्मानित
बालोद। बालोद जिले के लिए गौरव की खबर है। गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम डुड़िया (अर्जुन्दा) निवासी युवा समाजसेवी यशवंत कुमार टंडन को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘हिंदुस्तान यूथ आइकॉन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी विश्वविद्यालय में यूथ एवरेस्ट फाउंडेशन के पांचवें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
कुलपति ने किया सम्मानित, युवाओं की शक्ति पर दिया संदेश
समारोह के मुख्य अतिथि मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई.जी. ने यशवंत कुमार टंडन को सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी (माई भारत), सहारनपुर कुश कुमार भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। वहीं, कुश कुमार ने सामाजिक विकास में यूथ एवरेस्ट फाउंडेशन की भूमिका की सराहना की।
15 राज्यों के युवा समाजसेवियों को मिला सम्मान
संस्था के संस्थापक अनीश कुमार ने कहा कि यह सम्मान देशभर के समर्पित एवं सेवाभावी युवाओं के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने का माध्यम है। समारोह में देश के 15 राज्यों के युवा समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इनमें बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के युवा शामिल रहे। कार्यक्रम में अनिल भारद्वाज, आचार्य अटल, अक्षय त्यागी एवं डॉ. रुचि शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के प्रयासों को मिली पहचान
यशवंत कुमार टंडन को युवाओं को समाज सेवा, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास और जनहित के अभियानों से जोड़ने के साथ विभिन्न सामाजिक एवं युवा विकास कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। उनके इन प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर सराहना मिलना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
सम्मान को साथियों और स्वयंसेवकों को किया समर्पित
सम्मान प्राप्त करने के बाद यशवंत कुमार टंडन ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी साथियों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का है, जो लगातार समाजहित के कार्यों में उनके साथ जुटे हुए हैं। उन्होंने भविष्य में भी युवाओं को संगठित कर राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
जिले में खुशी की लहर, शुभचिंतकों ने दी बधाई
यशवंत कुमार टंडन की इस उपलब्धि पर जिले के सामाजिक संगठनों, युवा साथियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने इसे बालोद जिले के लिए सम्मान और गौरव का विषय बताया।
