मसाला उद्योग से ड्रोन दीदी तक का सफर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद की चित्रलेखा साहू को लिखी पाती

Madhu Sahu Desk Incharge
0









तीन बेटियों की परवरिश के साथ खेती में आधुनिक तकनीक से बना रहीं पहचान, राज्योत्सव में सांसद भोजराज नाग भी कर चुके हैं सम्मानित |


बालोद। अपनी मेहनत, लगन और आत्मनिर्भर बनने के जज्बे से नई पहचान बनाने वाली बालोद जिले की ड्रोन दीदी चित्रलेखा साहू की उपलब्धियों की सराहना अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी की है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई पत्र लिखकर उनके संघर्ष, मेहनत और सफलता की सराहना की है। साथ ही परिवार की जिम्मेदारियों और बेटियों की शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को भी प्रेरणादायक बताया है।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में चित्रलेखा साहू के सफर का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने बिहान समूह से ऋण लेकर मसाला उद्योग की शुरुआत की थी। इसके साथ ही अचार, पापड़ और बड़ी बनाने का काम शुरू किया, जिससे परिवार की आमदनी में बढ़ोतरी हुई। इसके बाद उन्होंने ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया और खेती में खाद के छिड़काव की सेवा शुरू कर दी। आज वह ड्रोन संचालन के माध्यम से अपनी आजीविका चला रही हैं और आधुनिक कृषि तकनीक को अपनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं।








तीन बेटियों की जिम्मेदारी निभाते हुए बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल


मुख्यमंत्री ने चित्रलेखा की इस उपलब्धि को विशेष रूप से सराहा कि वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभाने के साथ अपनी तीन बेटियों त्रिवेणी, दुर्गेश्वरी और वेदिका की पढ़ाई एवं स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रख रही हैं। उन्होंने कहा कि चित्रलेखा का संघर्ष और सफलता दूसरी महिलाओं को नए कौशल सीखने, स्वरोजगार अपनाने और अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित करती है।

उत्सव में सांसद भोजराज नाग ने भी किया था सम्मानित


हाल ही में जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान ड्रोन दीदी चित्रलेखा साहू को सांसद भोजराज नाग ने सम्मानित किया था। अब मुख्यमंत्री का बधाई पत्र मिलना उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण सम्मान जुड़ने जैसा है। मसाला उद्योग से लेकर ड्रोन संचालन तक का उनका सफर बताता है कि मेहनत, प्रशिक्षण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top