बूथ स्तर तक मतदाताओं से सीधा संवाद करेगी कांग्रेस, वोट की चोरी रोकने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
बालोद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद नगर के स्व. जालम सिंह पटेल मंडल एवं स्व. मोहन पटेल मंडल में मंडल स्तरीय जनचौपाल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर बूथ स्तर तक अभियान चलाने का संकल्प लिया।
जनचौपाल के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से सीधे संवाद करने, वोट की ताकत और उसके महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक श्री भैयाराम सिन्हा ने कहा कि गरीबों को महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक बदहाली की मार झेलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उनके हक और अधिकारों पर चोट करने के साथ यदि उनका वोट भी छीना जाएगा, तो लोकतंत्र में उनकी आवाज पूरी तरह कमजोर हो जाएगी। वोट की चोरी गरीबों के राजनीतिक अधिकारों पर सीधा हमला है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि वोट की चोरी लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर मतदाता सूची की जांच, जागरूकता और संवाद के माध्यम से हर वोट की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा। किसी भी मतदाता के मताधिकार के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री विकास चोपड़ा ने कहा कि वोट चोरी का सबसे बड़ा नुकसान गरीब, मजदूर, किसान और वंचित वर्ग को होता है, क्योंकि उनका वोट ही सत्ता तक अपनी समस्याएं और आवाज पहुंचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। यदि उनका मताधिकार कमजोर होगा, तो उनके अधिकारों और भविष्य पर भी असर पड़ेगा।
शहर कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का संकल्प है कि हर मतदाता का वोट सुरक्षित रहे और किसी भी योग्य नागरिक को उसके अधिकार से वंचित न किया जाए। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर वोट की ताकत समझाएगा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी श्री विनोद (बंटी) शर्मा, श्री सतीश यादव, पुरुषोत्तम पटेल, प्रेमचंद क्षीरसागर, कमल निषाद, अनिल यादव, मंडल अध्यक्ष सत्यम जैन, मनोज ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी, कमलेश श्रीवास्तव, किरण साहू, चमेली साहू, बिरजू ठाकुर, सुमित शर्मा, वैभव शर्मा, योगेश्वरी साहू, चन्द्रहास, वीरेंद्र साहू, विक्की तिगाला, रोहित पटेल, अंगद साहू, दीपक देवांगन, भोला विश्वकर्मा, आशीष श्रीवास्तव, शाहनवाज खान, शादाब खान, हिमांशु सोनी, फरहान, सुनील मंडावी, समीर खान, इन्द्र कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक वोट को जरूरी बताते हुए मताधिकार की रक्षा का संकल्प दोहराया।


