पसौद स्कूल में बाल मेले का भी हुआ आयोजन, नन्हे विद्यार्थियों ने बनाए तरह-तरह के व्यंजन; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दर्शन बालोद / डेली बालोद न्यूज। गुंडरदेही विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पसौद में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शैक्षणिक गतिविधियों के साथ बाल मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने विद्यार्थियों को विशेष उपहार देकर बाल दिवस की खुशियां दोगुनी कर दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए उनके जन्म से लेकर निधन तक के जीवन, कार्यों और देश के प्रति योगदान की जानकारी बच्चों को दी।
इसके पश्चात बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए। पालकों, ग्रामीणों और शिक्षकों ने बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बाल दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पसौद के सभी विद्यार्थियों को शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक की ओर से स्कूल के नाम की प्रिंटिंग वाली बेल्ट, टाई, पेन एवं मिठाई का वितरण किया गया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच सुश्री सिमरन गजभिए, पालकगण, पंचगण एवं शाला के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।


