राज्य स्थापना दिवस पर महिला सेवा संस्थान ने दिलाई संस्कृति संरक्षण की शपथ, शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित करने उठाई मांग
धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 1 नवंबर को धमतरी में छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान और प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति के संरक्षण का अनूठा आयोजन किया गया। कलेक्टर परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान की कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से भव्य महाआरती एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा परिसर जय छत्तीसगढ़ महतारी के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया गया।
बच्चों की सुआ नृत्य प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ का पारंपरिक सुआ नृत्य रहा। मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने प्रदेश की समृद्ध लोककला, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की।
संस्कृति, अस्मिता और प्रदेश के विकास की दिलाई शपथ
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, अस्मिता एवं गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही प्रदेश के विकास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया गया।
शहर के प्रमुख स्थानों पर स्थापित होंगी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाएं
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सदस्यों ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए धमतरी शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित कराने की पहल करने का संकल्प लिया। इसके लिए कलेक्टर, महापौर एवं विधायक से मुलाकात कर लिखित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसके साथ ही वर्तमान में जहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित है, उस चौक का नामकरण 'छत्तीसगढ़ महतारी चौक' किए जाने की मांग भी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समक्ष रखी जाएगी।
आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगा अपनी माटी और संस्कृति का संदेश
संस्थान के सदस्यों ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि हमारी पहचान, संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक हैं। सार्वजनिक स्थानों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित होने और उन्हें उचित सम्मान मिलने से आने वाली पीढ़ियों में अपनी माटी, अपनी संस्कृति और अपने छत्तीसगढ़ के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना और मजबूत होगी।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में लक्ष्मण पहलवान, निखिलेश दीवान, शिवा प्रधान, डोमेश्वर साहू, खिलेश्वर साहू, मोहनी साहू, शमीना अंजुम, भारती साहू, रितु प्रधान, मंजू टेमरे, पूजा यादव, भारती सोनी, अमित वर्मा, यशवंत साहू, युमेश देवांगन, गेंदराम, सोमन राम एवं भेमन साहू सहित संस्थान के कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकसंस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन करना तथा जन-जन तक छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान और स्वाभिमान का संदेश पहुंचाना रहा। आयोजन के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
