गुंडरदेही में आंखों के मरीजों को बड़ी राहत! अब सिर्फ 30 रुपये में होगी नेत्र जांच, जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मा और मोतियाबिंद का ऑपरेशन भी निःशुल्क

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 



उदयाचल नेत्र जांच एवं चश्मा केंद्र का भव्य शुभारंभ, देशलहरा परिवार ने सेवा कार्य के लिए दुकान की जगह के साथ 5 लाख रुपये की राशि की समर्पित

गुंडरदेही। नगरवासियों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रविवार, 1 नवंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 12 स्थित जैन कॉम्प्लेक्स, पंजाब नेशनल बैंक के पीछे उदयाचल नेत्र जांच एवं चश्मा केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से अब नगर एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहद कम शुल्क में आंखों की जांच, रियायती दर पर चश्मा और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे की सुविधा मिल सकेगी।






मात्र 30 रुपये में आंखों की जांच, आधी कीमत पर चश्मा

केंद्र में मात्र 30 रुपये शुल्क लेकर आंखों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान जिन जरूरतमंद लोगों को चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें निःशुल्क चश्मा प्रदान किया जाएगा। वहीं अन्य जरूरतमंद मरीजों को चश्मा आधी कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही जांच में मोतियाबिंद की समस्या पाए जाने वाले मरीजों का उदयाचल हॉस्पिटल, राजनांदगांव में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।

देशलहरा परिवार ने पुण्य स्मृति में किया अनुकरणीय सेवा कार्य

इस नेत्र जांच एवं चश्मा केंद्र की स्थापना स्वर्गीय श्री कंवरलाल जी देशलहरा एवं स्वर्गीय श्रीमती शारदा बाई देशलहरा की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र अशोक, विनोद एवं प्रमोद देशलहरा द्वारा समर्पित संयुक्त धर्मार्थ सेवा के रूप में की गई है। परिवार द्वारा केंद्र के संचालन के लिए दुकान की जगह उपलब्ध कराने के साथ ही उदयाचल को 5 लाख रुपये की राशि भी प्रदान की गई है। परिवार की इस पहल को जरूरतमंदों की सेवा और समाजहित में महत्वपूर्ण योगदान के रूप में देखा जा रहा है।

सुबह 9 से शाम 7 बजे तक मिलेगी सुविधा

केंद्र का संचालन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। नगरवासी निर्धारित समय में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करा सकेंगे तथा केंद्र के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

शुभारंभ समारोह में गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि प्रकाश देशलहरा सहित नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, अशोक जैन, विनोद जैन, मनीष चौरड़िया, विनोद गोलछा, सुशील जैन, दर्शन जैन, अमित जैन, केशव साहू, गुलाबचंद देशलहरा, सुनील शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल ठाकुर, पार्षद शैल महोबिया, हेमंत सोनकर एवं सलीम खान उपस्थित रहे।

इसके अलावा सेवक महिपाल, विजय सोनकर, केके राजू, चंद्राकर, सुखनंदन साहू, इरफान खान, सोहन सोनी, नरेश साहू, राजेश नामदेव, दिनेश टावरी, डोंगरमल जैन, सुरेश सोनी, मनीष देशलहरा, नमन जैन, गगन जैन, कमल तातेड, भारत साहू, परस साहू, सरपंच मंजुलता साहू, चंदन पटेल एवं अजय देशमुख सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उदयाचल से पहुंचे डॉक्टरों की टीम तथा बड़ी संख्या में नगरवासी भी शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए लाभकारी बताया।

आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

उदयाचल नेत्र जांच एवं चश्मा केंद्र की शुरुआत से अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आंखों के इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। कम शुल्क में जांच, जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा और मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन जैसी सुविधाएं मिलने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। यह पहल निश्चित रूप से जनसेवा और मानव कल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top