मन के अंधकार को मिटाकर ज्ञान के दीप जलाने का संदेश... ब्रह्माकुमारी केंद्र में आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनी दीपावली

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 



सिर्फ घरों को रोशन करना नहीं, मन से क्रोध, अहंकार और ईर्ष्या मिटाना भी है दीपोत्सव का असली उद्देश्य; बीके विजयलक्ष्मी दीदी ने प्रेम, शांति, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कारों का दीप जलाने का दिया संदेश


बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आत्मज्ञान भवन आमापारा बालोद में 08 नवंबर 2026 को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया। ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा प्रतिवर्ष अनूठे अंदाज में दीपोत्सव मनाते हुए लोक कल्याण, एकता और शांति का संदेश दिया जाता है। इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित भाई-बहनों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम में दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बीके विजयलक्ष्मी दीदी ने कहा कि दीपावली केवल घरों में दीपक जलाने, रंगोली बनाने और रोशनी से सजावट करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने मन और आत्मा में ज्ञान का दीप प्रज्वलित करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस तरह दीपावली पर हम अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी तरह हमें अपने मन की भी सफाई करनी चाहिए। मन में छिपे क्रोध के अंधकार को समाप्त कर अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष को मिटाना चाहिए तथा प्रेम, शांति और पवित्रता के दीप जलाने चाहिए। परमात्मा शिव, जो ज्ञान के सागर हैं, उनकी याद से जीवन में ज्ञान और शक्ति का प्रकाश आता है।




उन्होंने मां लक्ष्मी की पूजा के आध्यात्मिक रहस्य को समझाते हुए कहा कि लक्ष्मी जी को धन-संपत्ति, सुख-समृद्धि और वैभव की देवी माना जाता है। आध्यात्मिक दृष्टि से उनका स्वरूप हमें पवित्रता, सुख-समृद्धि और दिव्य जीवन की प्रेरणा देता है। जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति केवल धन नहीं, बल्कि मन की शांति, हृदय की पवित्रता, चेहरे की मुस्कान, वाणी की मधुरता, व्यवहार में नम्रता और दूसरों के प्रति शुभभावना है। जिस घर में प्रेम, सम्मान, संतुष्टता और आपसी सहयोग होता है, वही घर स्वर्ग के समान बन जाता है और व्यक्ति धनवान होने के साथ गुणवान भी बनता है।


बीके विजयलक्ष्मी दीदी ने कहा कि दीपावली हमें यह संदेश देती है कि अंधकार के बाद प्रकाश अवश्य आता है। इसी प्रकार कलियुग के अंधकार को समाप्त कर सतयुग की स्वर्णिम दुनिया लाने के लिए सभी को अपने संस्कार दिव्य बनाने होंगे। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि हर दिल में प्रेम का दीप जलाएं और अपने श्रेष्ठ कर्मों से संसार को रोशन करें।


कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे भाई-बहनों ने भी उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया और प्रेम, शांति एवं सद्भावना का संदेश दिया।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top