‘बेटी है तो कल है’ अभियान के तहत लक्ष्मी पूजा पर बेटियों के नाम से पांच-पांच दीपक जलाने और रंगोली सजाने की पहल, गांव-गांव में बेटियों के सम्मान एवं बेटा-बेटी के भेदभाव को मिटाने का दिया जाएगा संदेश
बालोद। इस दिवाली घर-आंगन में रोशनी के साथ बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य का संदेश भी जगमगाएगा। महिला कमांडो छत्तीसगढ़ की प्रणेता पद्मश्री शमशाद बेगम ने जिले की सभी महिला कमांडो बहनों से विशेष अपील करते हुए इस दीपावली को ‘बेटी है तो कल है’ अभियान के नाम समर्पित करने का आह्वान किया है।
उन्होंने अपील की है कि लक्ष्मी पूजा के दिन सभी महिला कमांडो अपने घर के आंगन के सामने ‘बेटी है तो कल है’ का स्लोगन लिखकर आकर्षक रंगोली सजाएं और अपनी बेटियों के नाम से पांच-पांच दीपक जलाएं। साथ ही गांव में जिन परिवारों में बेटियां हैं, उन्हें भी इस पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
गांव-गांव से साझा होंगी तस्वीरें
पद्मश्री शमशाद बेगम ने सभी महिला कमांडो से अपने-अपने गांव में आयोजित इस कार्यक्रम की तस्वीरें ग्रुप में साझा करने की अपील की है। इस पहल में शामिल परिवारों और महिला कमांडो के प्रयासों को दर्शन बालोद मासिक पत्रिका एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी प्रकाशित किया जाएगा, ताकि यह संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
2019 में जगन्नाथपुर से शुरू हुई थी पहल
इस अभियान की शुरुआत वर्ष 2019 में ग्राम जगन्नाथपुर की बेटी वैष्णवी यादव के परिवार द्वारा की गई थी। अब इस पहल को पूरे बालोद जिले के साथ छत्तीसगढ़ में भी विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटा-बेटी के बीच किए जाने वाले भेदभाव की कुरीति को समाप्त करना और बेटियों के प्रति सम्मान, समानता एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
पद्मश्री शमशाद बेगम ने सभी महिला कमांडो बहनों से इस सामाजिक पहल में अधिक से अधिक सहभागिता निभाने की अपील की है।
अभियान की अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें: 9755235270
दीपक यादव, प्रधान संपादक, दर्शन बालोद

