300 किलोवाट सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ छत्तीसगढ़ का सोलर दीदियों के माध्यम से ऊर्जीकृत पहला गांव बना नारागांव; महिलाओं ने सोलर व्यवसाय से अब तक कमाए 2.50 लाख रुपये से अधिक, राज्योत्सव में हुआ सम्मान
बालोद, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नारागांव ने स्वच्छ ऊर्जा, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक सहभागिता की दिशा में ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा अब प्रदेश स्तर पर हो रही है। न हितग्राहियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ, न किसी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) मद से मदद और न ही अतिरिक्त शासकीय सहयोग... इसके बावजूद गांव के 150 से अधिक घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर सौर ऊर्जा से रोशन करने का काम किया गया है। खास बात यह है कि इस पूरे बदलाव की अगुवाई गांव की महिलाओं यानी 'सोलर दीदियों' ने की है। उनकी मेहनत और सामूहिक प्रयासों से नारागांव छत्तीसगढ़ का सोलर दीदियों के माध्यम से ऊर्जीकृत पहला गांव बन गया है। इस उपलब्धि के लिए स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय राज्योत्सव समारोह में सोलर दीदियों को सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की संवेदनशील पहल और कुशल नेतृत्व में जिले की सोलर दीदियों ने इस अनूठे मॉडल को धरातल पर उतारा। गांव के 150 से अधिक घरों में 2 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए गए हैं, जिनसे कुल 300 किलोवाट विद्युत उत्पादन की क्षमता विकसित हुई है। यह उपलब्धि केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता की नई कहानी भी लिख रही है।
### घर-घर पहुंचीं सोलर दीदियां, ग्रामीणों को बनाया स्वच्छ ऊर्जा के लिए जागरूक
नारागांव में सौर ऊर्जा के विस्तार की सबसे बड़ी ताकत यहां की सोलर दीदियां बनीं। इन महिलाओं ने घर-घर जाकर ग्रामीण परिवारों से संपर्क किया और उन्हें सौर ऊर्जा के फायदे समझाए। सोलर रूफटॉप सिस्टम से होने वाले लाभों की जानकारी देकर परिवारों को अपनी छतों पर सोलर सिस्टम लगवाने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, सामूहिक प्रयास और बेहतर स्व-प्रबंधन से यह पहल सफल हुई। इससे न केवल गांव में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि महिलाओं को विकास कार्यों में नेतृत्व करने का अवसर भी मिला।
### न हितग्राहियों की जेब पर बोझ, न सरकारी खजाने से अतिरिक्त खर्च, न CSR की मदद
इस मॉडल की सबसे बड़ी खासियत इसका शून्य हितग्राही अंशदान और शून्य अतिरिक्त शासकीय सहयोग वाला स्वरूप है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना के लिए हितग्राहियों को अपनी ओर से कोई अतिरिक्त राशि नहीं देनी पड़ी। वहीं इस पहल के लिए शासन पर भी कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आया। खास बात यह है कि किसी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) मद अथवा सरकारी अनुदान के बिना सोलर दीदियों के प्रयासों, सामूहिक सहभागिता और स्व-प्रबंधन से इस मॉडल को सफल बनाया गया। यही वजह है कि नारागांव की यह पहल दूसरे गांवों के लिए भी अनुकरणीय बन रही है।
### सोलर व्यवसाय से महिलाओं ने कमाए 2.50 लाख रुपये से अधिक
नारागांव की सोलर दीदियों की सफलता केवल गांव को सौर ऊर्जा से रोशन करने तक सीमित नहीं है। इस पहल ने महिलाओं के लिए आय का नया रास्ता भी खोला है। सोलर व्यवसाय के माध्यम से ये महिलाएं अब तक 2.50 लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त आय अर्जित कर चुकी हैं। इससे उनके आर्थिक सशक्तीकरण को भी मजबूती मिली है। गुरूर विकासखंड के आंचल महिला संकुल संगठन की दीदियों ने यह साबित किया है कि ग्रामीण महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की हितग्राही नहीं, बल्कि विकास की योजनाओं को जमीन पर उतारने वाली सक्षम नेतृत्वकर्ता और उद्यमी भी बन सकती हैं।
### स्वच्छ ऊर्जा से पर्यावरण संरक्षण, दूसरे गांवों के लिए बनी प्रेरणा
सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलती है। नारागांव में घर-घर सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल ने यह भी दिखाया है कि स्थानीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, सामुदायिक एकजुटता और महिलाओं की भागीदारी से बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है।
नारागांव का यह मॉडल स्वच्छ ऊर्जा, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक आत्मनिर्भरता का अनूठा संगम बनकर उभरा है। सोलर दीदियों की मेहनत से मिली यह उपलब्धि न केवल बालोद जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
