मुख्यमंत्री साय ने किया 631 करोड़ से अधिक का अंतरण, ऑडिटोरियम, सिंचाई और सड़क निर्माण समेत कई कार्यों की घोषणा
बालोद, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन से पहले बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मातृशक्ति और जिलेवासियों को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की। इसमें बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राही शामिल हैं।
लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने करीब 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने डौंडीलोहारा नगर पंचायत में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण, खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन, नहरों के जीर्णोद्धार सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।
डौंडीलोहारा में बनेगा सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम
मुख्यमंत्री श्री साय ने नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन, पूरक नहर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण तथा धनगांव जलाशय के शीर्ष कार्य वियर के साथ नहर रिमॉडलिंग लाइन निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही।
वहीं डौंडीलोहारा नगर पंचायत में मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर 5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया निर्माण तथा विकासखंड में संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग के लिए 19 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की घोषणा की गई।
102 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
समारोह में मुख्यमंत्री ने 3.2 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबे उमरादाह-निपानी मार्ग, 26 करोड़ रुपये की लागत से अर्जुंदा-ओडारसकरी मार्ग तथा 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बालोद-पिकरीपार मार्ग सहित करीब 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
‘महतारी वंदन’ से महिलाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
उन्होंने बताया कि सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के खातों में करीब 20 हजार करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में सफलता मिली है। वहीं ड्रोन दीदियां भी कृषि कार्यों में ड्रोन के माध्यम से सेवाएं देकर आय अर्जित कर रही हैं।
हितग्राहियों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बालोद जिले की पांच महतारी वंदन योजना हितग्राही महिलाओं से संवाद किया और योजना से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग उन्होंने छोटे व्यवसाय शुरू करने और अपनी आय बढ़ाने में किया है।
मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों के अनुभवों की सराहना करते हुए योजना की राशि का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
केंद्र और राज्य सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध : साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, रामलला दर्शन योजना, तेंदूपत्ता खरीदी और भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है।
महिलाओं को सुपोषण किट और मुनगा पौधों का वितरण
समारोह में महिलाओं को सुपोषण किट एवं मुनगा पौधे भी वितरित किए गए। बालोद जिला प्रशासन द्वारा कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत मुनगा पौधों के वितरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुनगा विटामिन, मिनरल और एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर पौधा है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और महिलाएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग, पूर्व सांसद सरोज पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लूनिया, नगर पंचायत डौंडीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू एवं राजेंद्र राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगा राम चव्हाण, वन मंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित जिले के अधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं, ग्रामीण एवं नागरिक शामिल हुए।



