महतारी वंदन की राशि से बदली जिंदगी, मुख्यमंत्री से संवाद कर महिलाओं ने सुनाई आत्मनिर्भर बनने की कहानी

Darshan Balod
0


ब्यूटी पार्लर से लेकर आटा चक्की और छोटे कारोबार तक पहुंची योजना की मदद; हितग्राहियों से बोले सीएम साय—राशि का सदुपयोग कर आगे बढ़ें

बालोद, 25 अगस्त 2026। महतारी वंदन योजना की मासिक आर्थिक सहायता से महिलाओं के जीवन में किस तरह बदलाव आ रहा है, इसकी तस्वीर मंगलवार को डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में देखने को मिली। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले की महिला हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजना से मिल रहे लाभ और उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री से आत्मीय बातचीत का अवसर पाकर महिला हितग्राही काफी उत्साहित नजर आईं। मुख्यमंत्री ने भी सहजता से उनकी बातें सुनीं और योजना की राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों के साथ-साथ स्वरोजगार एवं आय के साधन विकसित करने में करने की सराहना की।

महतारी वंदन की राशि से शुरू किया ब्यूटी पार्लर और सिलाई का काम

डौण्डीलोहारा नगर पंचायत निवासी श्रीमती जुही सोनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग कर उन्होंने ऋण लेकर ब्यूटी पार्लर एवं सिलाई मशीन का काम शुरू किया है। इससे उन्हें प्रतिमाह करीब 6 से 7 हजार रुपये की आमदनी हो रही है।

जुही सोनी ने कहा कि महतारी वंदन योजना उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में काफी उपयोगी साबित हुई है। उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

सीमेंट के गमले और तुलसी चौरा बनाकर कमा रहीं ₹10 हजार

ग्राम हरदी निवासी श्रीमती भूमिका साहू ने मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान बताया कि उन्होंने योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग सीमेंट के गमले एवं तुलसी चौरा निर्माण के काम में किया। इस कार्य से उन्हें करीब 10 हजार रुपये प्रतिमाह की आमदनी हो रही है।

भूमिका ने बताया कि वे योजना की राशि का उपयोग सोशल मीडिया से जुड़े कार्यों में भी कर रही हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना को जरूरतमंद महिलाओं के लिए बड़ा सहारा बताया।

आटा चक्की से शुरू किया स्वरोजगार

ग्राम कोरगुड़ा निवासी श्रीमती सरोज देवांगन ने मुख्यमंत्री को बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग कर उन्होंने आटा चक्की का काम शुरू किया है। इससे उन्हें प्रतिमाह करीब 3 से 4 हजार रुपये की आमदनी हो रही है।

उन्होंने योजना की सराहना करते हुए कहा कि नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें अपना काम शुरू करने में मदद दी।

छोटे कारोबार से ₹5 से ₹6 हजार की आमदनी

ग्राम तुड़मुड़ा निवासी श्रीमती बसंती बाई ने भी मुख्यमंत्री को योजना से मिले लाभ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना से प्राप्त राशि से उन्होंने छोटा व्यापार शुरू किया है। वे आसपास के बाजारों में जाकर चना, फल्ली सहित अन्य खाद्य सामग्री बेचती हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह करीब 5 से 6 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है।

बसंती बाई ने महतारी वंदन योजना को मुश्किल समय में महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बताया।

हितग्राहियों की सफलता को सीएम ने बताया योजना की सार्थकता

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं से संवाद के दौरान उनके अनुभवों और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग महिलाएं अपने परिवार की जरूरतों के साथ-साथ आय के नए साधन तैयार करने में कर रही हैं, जो योजना की सार्थकता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना के सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए योजना से प्रतिमाह मिलने वाली राशि का सदुपयोग करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top