ड्रोन की कमान संभालकर चित्ररेखा ने बदली जिंदगी, बनीं ‘ड्रोन दीदी’ और आर्थिक आत्मनिर्भरता की भरी उड़ान

Darshan Balod
0

 



नैनो उर्वरकों के छिड़काव से बढ़ी आमदनी, स्कूटी खरीदी, घर बनाया और बेटी की बेहतर शिक्षा का सपना भी हो रहा पूरा

बालोद, 24 अगस्त 2026। कभी घर-परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली बालोद जिले की चित्ररेखा साहू अब खेतों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर किसानों की मदद कर रही हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना से जुड़कर चित्ररेखा ने ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण लिया और आज किसानों के खेतों में नैनो उर्वरकों के छिड़काव का कार्य कर आर्थिक सशक्तिकरण की नई उड़ान भर रही हैं।

चित्ररेखा साहू बताती हैं कि ‘ड्रोन दीदी’ के रूप में मिली पहचान उनके लिए गर्व का विषय है। अब क्षेत्र में लोग उन्हें उनके नाम से ज्यादा ‘ड्रोन दीदी’ के नाम से पहचानने लगे हैं। नई पहचान के साथ उन्हें आय का बेहतर साधन भी मिला है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।

ड्रोन ने बदली आर्थिक स्थिति

चित्ररेखा के अनुसार ड्रोन दीदी बनने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है। उन्होंने अपनी कमाई से स्कूटी खरीदी, इसके बाद घर का निर्माण कार्य पूरा कराया। अब वे अपनी बेटी को बेहतर शिक्षा दिलाने की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।

उनका कहना है कि आधुनिक तकनीक से जुड़ने से उन्हें न केवल रोजगार का अवसर मिला, बल्कि अपने फैसले खुद लेने और परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने का आत्मविश्वास भी मिला है।

किसानों के खेतों में पहुंचा रही आधुनिक तकनीक

चित्ररेखा अब किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीक की मददगार बन गई हैं। ड्रोन के माध्यम से खेतों में नैनो उर्वरकों का छिड़काव कर वे किसानों को तकनीक आधारित कृषि से जोड़ने में योगदान दे रही हैं।

ड्रोन के उपयोग से कम समय में बड़े क्षेत्र में छिड़काव संभव होता है। इससे महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए आय के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।

‘महतारी वंदन’ से भी मिल रहा सहारा

चित्ररेखा साहू ने महिला हितैषी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को अपनी छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करने में आर्थिक सहारा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मददगार साबित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद

ड्रोन दीदी चित्ररेखा साहू ने महिलाओं के हित में योजनाओं के संचालन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

चित्ररेखा ने मुख्यमंत्री श्री साय को ‘विष्णु भैया’ कहते हुए रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि नमो ड्रोन दीदी योजना ने उन्हें नई पहचान के साथ आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top