सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला चोरी का राज, तुमड़ीबोड़ के पास लावारिस मिला ट्रक; आरोपी पर पहले से दर्ज हैं दो मामले
दल्लीराजहरा। वार्ड क्रमांक 27 स्थित पुराने गुरुद्वारा के सामने से चोरी हुए 14 चक्का ट्रक के मामले में राजहरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी किए गए ट्रक को तुमड़ीबोड़ के पास से बरामद करते हुए मामले के आरोपी हरिवंश सेवता (21) को रायपुर के सिलतरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रात में खड़ा किया, कुछ घंटे बाद गायब हो गया ट्रक
घटना 21 अगस्त 2026 की रात करीब 2:30 बजे की है। वार्ड क्रमांक 27, पुराने गुरुद्वारा के सामने ट्रक क्रमांक CG 07 CS 8090 खड़ा था। चालक योगेश सांगे ने 20 अगस्त की रात ट्रक खड़ा करने के बाद अपने घर चला गया था। सुबह ट्रक नहीं मिलने पर प्रार्थी अक्षय कुमार मंडले की रिपोर्ट पर थाना दल्लीराजहरा में अपराध दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज ने पहुंचाया आरोपी तक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान चोरी गया ट्रक ग्राम तुमड़ीबोड़, जिला राजनांदगांव के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया।
ट्रक में साथ गया था आरोपी
जांच में सामने आया कि 20 अगस्त को संदेही व्यक्ति चालक के साथ ट्रक में बैठकर कच्चे से मेटाबोदली-अंतागढ़ गया था। वहां से कच्चा माल लेकर दोनों गिधाली माइंस पहुंचे और माल खाली करने के बाद रात करीब 10:30 बजे राजहरा लौटे। शर्मा पेट्रोल पंप से डीजल लेने के बाद आरोपी ट्रक से उतर गया था।
सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य वाहन चालकों से पूछताछ के आधार पर उसकी पहचान हरिवंश सेवता, पिता पवन कुमार, उम्र 21 वर्ष, निवासी तहकाल, थाना अंतागढ़, जिला कांकेर के रूप में हुई।
रायपुर के सिलतरा में मिला आरोपी
घटना के बाद फरार हुए आरोपी की तलाश में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया और उसे रायपुर के सिलतरा क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पहले से दर्ज हैं चोरी के दो मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी दो अपराध दर्ज हैं—
थाना सनौद, जिला बालोद: अपराध क्रमांक 80/25, धारा 303(2) बीएनएस।
थाना चारामा, जिला कांकेर: अपराध क्रमांक 125/25, धारा 305(बी) बीएनएस।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में चोरी एवं नकबजनी जैसे मामलों में संलिप्त रहा है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील
राजहरा पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब, जुआ-सट्टा, गांजा बिक्री और नशीली दवाइयों जैसी गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।

