बालोद। बालोद पुलिस ने 16 भैंसों की चोरी कर उन्हें ओडिशा ले जाकर बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को खेरथाडीह निवासी जय नारायण नागवंशी ने दो भैंसों के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में गांव के अन्य ग्रामीणों की कुल 14 और भैंसों के गुम होने की जानकारी सामने आई। इस तरह कुल 16 मवेशियों के चोरी होने का मामला सामने आया।
मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ओडिशा निवासी धनसिंग राऊत उर्फ बटोरी यादव और डेंगा राऊत के साथ बालोद जिले के यशवंत उर्वशा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में 16 भैंसों की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 हजार रुपये नगद, मोटरसाइकिल, एंड्रॉयड मोबाइल और की-पैड मोबाइल सहित कुल 57 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में शिवलाल गोंड नामक आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य और पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में थाना बालोद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने की। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को 27 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

